उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती और पहाड़ियों से घिरा दृश्य लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। यहां की ठंडी हवाएं और शांत वातावरण घूमने और सुकून से समय बिताने के लिए बेहतरीन माना जाते हैं। हालांकि उत्तराखंड के प्रसिद्ध शहरों जैसे नैनीताल, मसूरी, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश में पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। जिसकी वजह से ज्यादातर लोग भीड़भाड़ में घूमने जाने से बचते हैं। अगर आप उत्तराखंड में ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो नैनीताल या मसूरी की जगह ऑफबीट जगहों को चुन सकते हैं।
प्राकृतिक सुंदरता और शांति में छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड की ऐसी जगहों को चुन सकते हैं जिनके बारे में कम लोग जानते हैं। आज हम आपको ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पर आप ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
खिरसू (Khirsu Hill Station)
उत्तराखंड की असली खूबसूरती उन जगहों पर छिपी है, जहां पर पहाड़ों की हवा और परिंदों की आवाज सुनाई देती है। खिरसू पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित शांत और खूबसूरत ऑफबीट हिल स्टेशन है। यह शहर पौड़ी शहर से करीब 15 से 16 किमी दूर है। यहां ओक, देवदार के जंगल और सेब के सुंदर बागान देख सकते हैं। भीड़भाड़ से दूर खिरसू बहुत ही शानदार जगह है, जहां आपको चारों तरफ बर्फीली चोटियां देखने को मिलेंगी। यहां घंडियाल देवता मंदिर, सेब के बागान और आसपास के गांवों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है और एयरपोर्ट देहरादून है। जहां से आप बस या कार के जरिए आगे का सफर तय कर सकते हैं।
खोलाचौरी (Kholachauri)
पौड़ी गढ़वाल का खोलाचौरी बहुत ही शांत, खूबसूरत और पहाड़ी गांव है। यह पौड़ी शहर से करीब 15 किमी दूर है। अगर आपको गांव के लोगों से मिलना पसंद है और पहाड़ी खाने का स्वाद लेना चाहते हैं, तो इस जगह का रुख कर सकते हैं। यहां की धीमी जिंदगी, पहाड़ों की ठंडी-ठंडी हवा और प्रकृति की सुंदरता को करीब से महसूस कर सकते हैं। यह जगह सुकून और शांति की तलाश कर रहे पर्यटकों के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यहां चारों तरफ आपको देवदार और चीड़ के जंगल, पहाड़ियां और हिमालय का मनमोहक नजारा देखने को मिलेगा। प्रकृति प्रेमियों को यह जगह खूब पसंद आ सकती है।
बनलेखी (Banlekhi)
पहाड़ों के शानदार नजारों को देखने के लिए बनलेखी जा सकते हैं। शहर की भीड़भाड़ से दूर यह जगह बहुत ही शांत है। भीमताल और मुक्तेश्वर के बीच बसी यह जगह बहुत खूबसूरत है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। यहां पर पैदल चलकर आप पहाड़ी इलाकों की संस्कृति को देख सकते हैं। स्थानीय लोगों से बात कर सकते हैं और उनके डेली रूटीन के बारे में जान सकते हैं। दिल्ली से बनलेखी की दूरी करीब 325-330 किमी है। यहां से नजदीकी रेलवे स्टेशन काठगोदाम है और एयरपोर्ट पंतनगर हवाई अड्डा है।
