बरसात के मौसम में सबसे अधिक खतरा मच्छरों का रहता है। इस दौरान कहीं पर हल्का पानी जमा हो तो मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। घर के आसपास गमलों, कूलर, बाल्टियों या किसी अन्य जगह पर जमा पानी भी मच्छरों के प्रजनन का स्थान बन सकता है। कई बार मच्छर घर के अंदर भी आ जाते हैं और शाम होते ही इनकी संख्या बढ़ जाती है। मच्छरों के काटने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी रहता है। कई बार रात में मच्छरों के काटने की वजह से नींद भी ठीक से नहीं आती है।

मच्छरों को दूर भगाने के लिए लोग कई तरह के स्प्रे, कॉइल और अन्य उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं। जब ये सारी चीजें नहीं होती थीं, तब भी लोग मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए कई प्राकृतिक नुस्खों का इस्तेमाल करते थे। इनमें से कुछ चीजें की तेज गंध मच्छरों को दूर रखने में मदद करती है। आइए जानते हैं किन-किन प्राकृतिक घरेलू तरीकों की मदद से आप मच्छरों को अपने घर से दूर रख सकते हैं।

1- नीम की पत्तियां

नीम की पत्तियों का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। पुराने समय में कीड़े-मकोड़ों और मच्छरों को दूर रखने के लिए नीम की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता था। इसकी तेज गंध से कुछ कीड़े और मच्छर दूर रह सकते हैं। इसके लिए नीम की सूखी पत्तियों को घर के दरवाजे या खिड़की के पास रख सकते हैं। साथ ही नीम की पत्तियों को सुखाकर उनका धुआं भी करने से घर के अंदर से मच्छर दूर भाग सकते हैं।

2- कपूर का कैसे करें इस्तेमाल

मच्छरों को दूर भगाने वाले नुस्खों में से एक कपूर भी है। कपूर की तेज गंध मच्छरों और दूसरे छोटे कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है। इसके लिए कपूर को कमरे के किसी सुरक्षित स्थान पर रख दें। इसे जलाने पर धुआं निकलता है, जिससे मच्छर दूर भाग सकते हैं।

3- लौंग और नींबू

मच्छरों और अन्य छोटे कीड़ों को दूर भगाने के लिए लौंग और नींबू का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। नींबू की खुशबू और लौंग की तेज महक कमरे में एक अलग तरह की सुगंध पैदा करती है, जिससे मच्छर दूर भाग सकते हैं। इसके लिए ताजे नींबू को आधा काट लें और उसमें कई लौंग लगा दें। इसे कमरे के किसी कोने, खिड़की या दरवाजे के पास रख दें। कुछ घंटों बाद इसकी खुशबू कम होने लगे तो इसे बदल दें। ऐसे में आप इन प्राकृतिक नुस्खों की मदद से काफी हद तक मच्छरों को घर से दूर भगा सकते हैं।

यह भी पढ़ें
लहसुन जल्दी कैसे छीलें, बिना हाथ चिपचिपा किए छिलका उतारने के 7 आसान तरीके