ग्लास, शीशा या कांच टूट जाने पर उसे हम अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन आप इन कांच के टुकड़ों का कई तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल आप घर की सजावट में भी कर सकते हैं। खासकर अगर आपको गार्डनिंग का शौक है और आपने घर, बालकनी या छत पर गमले लगा रखे हैं, तो इन कांच के टुकड़ों की मदद से उन्हें बेहद आकर्षक और यूनिक लुक दिया जा सकता है।
कांच के टुकड़ों से सजाए गए गमले देखने में काफी खूबसूरत लगते हैं और आपके गार्डन की खूबसूरती भी बढ़ा देते हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। थोड़ी-सी लापरवाही से हाथ कट सकता है। आइए जानते हैं गमलों को यूनिक लुक देने के लिए कांच के टुकड़ों से किस तरह सजावट करें।
बरतें ये सावधानियां
सबसे पहले मोटे रबर या लेदर के दस्ताने पहनें। अगर संभव हो तो आंखों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी ग्लास भी लगा लें। वहीं, बहुत छोटे, नुकीले या बारीक कांच के टुकड़ों का इस्तेमाल करने से बचें। इन्हें चिपकाने में मुश्किल होती है और साथ ही चोट लगने का खतरा भी अधिक रहता है। हमेशा कांच के बड़े टुकड़ों को चुनें। अगर कांच के किनारे अधिक तेज हैं, तो उन्हें सैंडपेपर या ग्लास स्टोन से हल्का सा रगड़कर स्मूद कर लें।
तय करें डिजाइन
अब गमले को अच्छी तरह साफ कर लें। गमले पर धूल, मिट्टी, नमी या तेल नहीं लगा होना चाहिए। अगर पुराना गमला इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें। साफ और सूखी सतह पर गोंद अच्छी तरह चिपकती है। कांच चिपकाने से पहले डिजाइन के बारे में तय कर लें कि किस तरह का लुक देना है। चाहें तो पूरे गमले पर कांच लगा सकते हैं या फिर सिर्फ ऊपरी किनारे, बीच की पट्टी या किसी खास हिस्से पर डिजाइन बना सकते हैं।
गमले पर इस तरह लगाएं कांच के टुकड़े
अगर पूरे गमले को कांच से सजाना चाहते हैं तो आप अलग-अलग रंगों के कांच के टुकड़ों को मिलाकर फ्लावर, ज्योमेट्रिक पैटर्न, मोजेक डिजाइन या एब्स्ट्रैक्ट आर्ट बना सकते हैं। सबसे पहले गमले पर थोड़ा-थोड़ा गोंद लगाएं और एक-एक करके कांच के टुकड़ों को हल्के हाथों से दबाकर चिपकाएं। सभी टुकड़ों के बीच थोड़ा-सा समान गैप रखें, जिससे डिजाइन साफ और बेहतर नजर आए। सभी कांच के टुकड़े लगाने के बाद गमले को कम से कम 24 घंटे तक ऐसी जगह पर रखें, जहां उसे कोई न छुए। इससे गोंद पूरी तरह सूख जाता है और कांच मजबूती से चिपक जाते हैं।
ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए दें ये डिजाइन
अगर आप गमले को और ज्यादा आकर्षक बनाना चाहते हैं, तो कांच के टुकड़ों के बीच बचे गैप में सफेद या रंगीन टाइल ग्राउट भर सकते हैं। ग्राउट सूखने के बाद हल्के गीले स्पंज से अतिरिक्त हिस्सा साफ कर दें। इससे गमले को बिल्कुल मोजेक आर्ट जैसा सुंदर लुक मिलता है। जब गमले को पूरी तरह तैयार कर लें तो अंत में उस पर ट्रांसपेरेंट वार्निश या क्लियर सीलेंट की हल्की कोटिंग कर दें। इससे कांच की चमक लंबे समय तक बनी रहती है।
Also Read
खराब पड़ी पुरानी घड़ी को फेंके नहीं, होम डेकोर में इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल
