बेडरूम घर का वह कोना होता है जहां दिनभर की थकान के बाद सुकून के कुछ पल बिताने के लिए जाते हैं। बेडरूम जब व्यवस्थित और सजा हुआ होता है तो नींद उतनी ही बेहतर आती है। कई बार बेडरूम में बेड, अलमारी और दूसरी जरूरी चीजें रखने के बाद भी कुछ जगह खाली रह जाती है। इन खाली जगहों को यूं ही छोड़ने के बजाय थोड़ी क्रिएटिविटी के साथ इन्हें खूबसूरत और उपयोगी बनाया जा सकता है। इससे कमरे का लुक भी बेहतर होता है। आइए जानते हैं किन-किन चीजों की मदद से बेडरूम की खाली जगहों को सजाया जा सकता है।
1- फ्लोटिंग शेल्फ
आप अपने बेडरूम की खाली दीवार को भी स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी कोने में आप फ्लोटिंग शेल्फ लगाकर उस पर किताबें, छोटे पौधे, फोटो फ्रेम, मोमबत्तियां या डेकोरेटिव आइटम रख सकते हैं। इससे कमरा ज्यादा आकर्षक लगने लगता है।
2- खाली कोने में लगाएं इंडोर प्लांट
अगर आपके बेडरूम में कोई कोना खाली है तो वहां पर कुछ पौधे लगाकर कमरे को एक नेचुरल और फ्रेश लुक दे सकते हैं। इन कोनों में आप सजावटी पॉट या स्टैंड में एरिका पाम, स्नेक प्लांट, जेड प्लांट और मनी प्लांट जैसे पौधे लगा सकते हैं।
3- खिड़की के पास बनाएं रीडिंग कॉर्नर
अगर बेडरूम में खिड़की के पास खाली जगह है तो उसे आप बेहद खूबसूरत बना सकते हैं। वहां पर छोटी कुर्सी और साइड टेबल रखकर रीडिंग कॉर्नर के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ में एक छोटा फ्लोर लैंप रखने से उस जगह को प्रीमियम लुक दिया जा सकता है।
4- खाली जगह में लगाएं फुल-लेंथ मिरर
कमरे के किसी खाली हिस्से में आप फुल-लेंथ मिरर लगा सकते हैं, इससे कमरा बड़ा और खुला नजर आता है। इसके लिए अच्छे डिजाइन वाला मिरर चुनें और साथ ही इसके आसपास आप एलईडी लाइट्स भी लगवा सकते हैं, जिससे रात में कमरा थोड़ा ज्यादा आकर्षक लगता है।
5- छोटी सजावटी टेबल
बेडरूम में आप एक छोटी सजावटी टेबल भी रख सकते हैं। इस टेबल पर लैंप, फूलदान और फोटो फ्रेम रख सकते हैं। यह दिखने में छोटी भले लगे लेकिन कमरे के लुक को आकर्षक और प्रीमियम बनाने में मदद कर सकता है। ऐसे में आप इन छोटी-छोटी चीजों की मदद से अपने बेडरूम के खाली हिस्सों को आसानी से बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
घर के मेन गेट को न छोड़ें खाली, ये 5 पौधे बढ़ा सकते हैं मुख्य द्वार की खूबसूरती
