महिलाओं की अलमारी में साड़ी, सूट से लेकर वेस्टर्न वियर तक कई तरह के कपड़ों का अच्छा-खासा कलेक्शन होता है। इन कपड़ों को वे अलग-अलग मौकों पर पहनती हैं। लेकिन समय के साथ जब ये कपड़े पुराने हो जाते हैं या फैशन से बाहर हो जाते हैं, तो अक्सर उन्हें अलमारी में किसी कोने में रख दिया जाता है या फिर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है।

हालांकि, थोड़ी सी क्रिएटिविटी के साथ आप इन्हीं पुराने कपड़ों को नए और उपयोगी रूप में बदल सकते हैं। खासकर बच्चों के लिए ये कपड़े एक बेहतरीन विकल्प बन सकते हैं। अगर आपके घर में बेटी है, तो आप सूट के फैब्रिक से उसके लिए खूबसूरत फ्रॉक, लहंगा-चोली से लेकर गाउन तक तैयार करवा सकती हैं।

फ्रॉक/ड्रेस
छोटी बच्चियां फ्रॉक या ड्रेस में बेहद क्यूट और खूबसूरत लगती हैं। कॉटन या प्रिंटेड सूट की मदद से आप एक बेहद प्यारी और आरामदायक फ्रॉक तैयार कर सकती हैं। इसके लिए सूट के कुर्ते वाले हिस्से को फ्रॉक के ऊपरी हिस्से के रूप में इस्तेमाल करें। वहीं, दुपट्टे के सॉफ्ट और फ्लोई फैब्रिक से फ्रॉक में खूबसूरत फ्रिल या घेरा जोड़ा जा सकता है, जिससे ड्रेस स्टाइलिश और फैंसी लगती है।

कुर्ती और लेगिंग सेट
अगर आपके पास सिंपल और सॉफ्ट सूट का कपड़ा है तो उससे अपनी बेटी के लिए कुर्ती और लेगिंग सेट तैयार कर सकती हैं। कुर्ती का डिजाइन सिंपल या थोड़ा स्टाइलिश रखा जा सकता है। वहीं, कुर्ती बनाने के बाद जो कपड़ा बच जाए, उससे मैचिंग लेगिंग या प्लाजो तैयार किया जा सकता है।

नाइट सूट
आप अपने पुराने सूट के कपड़े से बच्चियों के लिए नाइट सूट भी तैयार कर सकती हैं। आप कुर्ते के हिस्से से नाइट सूट का टॉप तैयार कर सकती हैं और सलवार या बचे हुए कपड़े से पायजामा बना सकती हैं। चाहें तो इसमें इलास्टिक वेस्ट और ढीला फिट रखकर इसे और भी आरामदायक बना सकती हैं।

टॉप और स्कर्ट
अगर आपके पास प्रिंटेड सूट है तो इससे स्टाइलिश टॉप और स्कर्ट का सेट तैयार कर सकती हैं। सूट के अलग-अलग हिस्सों जैसे कुर्ता, सलवार और दुपट्टे को काटकर अलग-अलग पीस बना लें, इन्हें मिक्स मैच करके कई तरह के लुक दे सकती हैं। कुर्ते के प्रिंटेड हिस्से से ट्रेंडी टॉप और दुपट्टे से स्कर्ट तैयार किया जा सकता है। इसे डेली वियर के पहनावे में इस्तेमाल किया जा सकता है।

Also Read
पुराने सूट को करें रीयूज, इन 10 क्रिएटिव तरीकों से करें इस्तेमाल