Terrace Decor Ideas: घर की छत या टेरेस सिर्फ कपड़े सुखाने या कुछ सामान रखने की जगह नहीं होती, बल्कि अगर इसको सही तरीके से सजाया जाए तो यह आपकी पसंदीदा जगह बन सकती है। यहां बैठकर आप किताबें पढ़ सकते हैं, योगा कर सकते हैं, गार्डनिंग कर सकते हैं या फिर शाम को खुली हवा में चाय की चुस्की ले सकते हैं। थोड़ी सी मेहनत और क्रिएटिविटी की मदद से आप इस जगह को खूबसूरत तरीके से सजा सकते हैं। अगर आप अपने टेरेस का लुक बदलना चाहते हैं तो यहां दिए गए तरीकों की मदद ले सकते हैं।
बैठने की व्यवस्था
टेरेस के एक कॉर्नर पर आप फोल्डिंग चेयर, लकड़ी की बेंच, मूवेबल सोफा या हैंगिंग झूला रख सकते हैं जहां पर बैठकर आप शांति से कुछ समय बिता सकते हैं। इससे टेरेस को नया लुक मिलेगा और घर की जगह का भी सही तरीके से इस्तेमाल हो सकेगा। जगह के अनुसार फर्नीचर चुनें ताकि टेरेस व्यवस्थित और खूबसूरत दिखे।
फ्लोर कुशन और बीन बैग
अगर आपकी टेरेस खुली है तो भारी फर्नीचर रखने के बजाय फ्लोर कुशन और बीन बैग का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये बैठने में आरामदायक होने के साथ-साथ टेरेस को स्टाइलिश लुक भी देते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें आसानी से उठाकर घर के अंदर रखा जा सकता है। जिससे बारिश, धूप या धूल से इन्हें सुरक्षित रखना आसान हो जाता है।
लाइटिंग से बढ़ाएं खूबसूरती
सही लाइट किसी भी जगह का लुक मिनटों में बदल सकती है। टेरेस के कॉर्नर पर जहां बैठने की व्यवस्था की गई है, वहां पर लालटेन, सोलर गार्डन लाइट्स या फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे छत का माहौल बदल जाएगा और रात के समय भी परिवार के साथ समय बिताने में अच्छा लगेगा।
हरियाली के लिए लगाएं पौधे
टेरेस पर छोटे-छोटे पौधे लगा सकते हैं जो स्वच्छ हवा, हरियाली और ताजगी भरा माहौल बनाने में मदद करते हैं। अगर आपकी टेरेस छोटी है तो पौधे लगाने के लिए दीवार का इस्तेमाल कर सकते हैं। वर्टिकल गार्डन यूनिक और आकर्षक लुक देने में मदद कर सकता है।
ओपन टेरेस पर लगाएं शेड
अगर टेरेस ओपन है तो ऐसे में बारिश और धूप से बचने के लिए शेड, पर्गोला या फैब्रिक कैनोपी लगा सकते हैं। इससे दिन के समय भी टेरेस में समय बिताया जा सकता है। इससे आप सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए किसी भी समय टेरेस पर आ सकते हैं।
फ्लोर को बनाएं आकर्षक
टेरेस के फर्श को आकर्षक लुक देने के लिए वुडन डेकिंग या आर्टिफिशियल ग्रास का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही किनारों पर सुंदर गमले और फ्लोर लाइटिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं, इससे आपकी टेरेस का लुक और भी आकर्षक लगेगा और आप वहां ज्यादा समय बिताना पसंद करेंगे।
