दीवाली पर गिफ्ट लेने-देने का सिलसिला खूब चलता है। लोग अपनी मां,बहन, बेटी, दोस्तों, रिश्तेदारों और दफ्तरों के सहकर्मियों को गिफ्ट देते हैं। ऐसे में अगर आपका बजट ज्यादा नहीं है और आप महंगे गिफ्ट कॉम्बो नहीं खरीद पा रहे हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप 500 रुपये से कम में भी अच्छा गिफ्ट कॉम्बो खुद से तैयार कर सकते हैं। इसमें रखने के लिए आप 3 चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

सामने वाली पसंद और जरूरत को देखते हुए आप इन चीजों में बदलाव कर सकते हैं। यहां ऐसे ही कुछ ऑप्शन बताए गए हैं जो आपके काम सकते हैं। कई बार समझ नहीं आता कि ऐसा क्या दें, जो देखने में अच्छा भी लगे और रोजमर्रा के काम भी आए। वहीं, हर किसी के लिए महंगे गिफ्ट खरीदना भी बजट बिगाड़ सकता है। ऐसे में आप एक ही महंगी चीज देने के बजाय 3 छोटी-छोटी चीजों को मिलाकर प्यारा सा गिफ्ट कॉम्बो तैयार कर सकती हैं।

खुशबूदार कैंडल

अगर आप मां, बहन या किसी दोस्त को छोटा और सुंदर गिफ्ट देना चाहती हैं, तो खुशबूदार कैंडल अच्छा विकल्प है। इसे घर के किसी कोने, बेडरूम या सेंटर टेबल पर सजाया जा सकता है। लैवेंडर, रोज और वनीला जैसी खुशबू वाली कैंडल आसानी से मिल जाती हैं। दीवाली पर घर की सजावट के लिए भी यह अच्छी रहेगी। इसकी अनुमानित कीमत ₹100–₹250 रहती है।

ज्वेलरी ट्रे

महिलाओं को आप ज्वेलरी ट्रे गिफ्ट कर सकते हैं। इसमें अंगूठी, इयररिंग्स, छोटी चेन और दूसरी एक्सेसरीज रखी जा सकती हैं। हार्ट, फ्लावर और लीफ डिजाइन वाली सिरेमिक या मेटल ट्रे देखने में काफी सुंदर लगती हैं। यह आपको ₹150–₹350 के बीच आसानी से मिल जाएगी।

डिजाइनर दीये

दीवाली पर दीये गिफ्ट करना एक अच्छा विकल्प है। आप साधारण मिट्टी के दीयों की जगह रंगीन, पेंटेड या सिरेमिक डिजाइन वाले दीये चुन सकते हैं। इसकी अनुमानित कीमत ₹100–₹300 रहती है।

छोटा इंडोर प्लांट

अगर आपके किसी दोस्त या रिश्तेदार को पेड़-पौधे लगाने का शौक है, तो उन्हें छोटा इंडोर प्लांट गिफ्ट करें। सक्युलेंट, मनी प्लांट और स्नेक प्लांट जैसे पौधे छोटे पॉट में आसानी से मिल जाते हैं। इन्हें ऑफिस डेस्क, स्टडी टेबल या घर की खिड़की के पास रखा जा सकता है। आप पौधे के साथ सुंदर सिरेमिक या डिजाइनर पॉट भी चुन सकते हैं। ये आपको ₹100–₹300 के बीच मिल जाएंगे।

प्रिंटेड टोट बैग

यह भी अच्छा गिफ्ट हो सकता है। कपड़े से बने इन बैग का इस्तेमाल शॉपिंग, ऑफिस या रोजमर्रा की छोटी-मोटी चीजें रखने के लिए किया जा सकता है। फ्लोरल प्रिंट, हैंड ब्लॉक प्रिंट और मिनिमल डिजाइन वाले टोट बैग काफी अच्छे लगते हैं। इनकी अनुमानित कीमत ₹150–₹350 के बीच रहती है।

सुंदर कॉफी मग

अगर आपकी बहन या दोस्त को चाय-कॉफी पीना पसंद है, तो उनके लिए सुंदर डिजाइन वाला मग खरीद सकती हैं। बाजार में कोट्स, फ्लोरल प्रिंट और अलग-अलग शेप वाले मग मिल जाते हैं। आप चाहें तो उनके पसंदीदा रंग का मग चुनें। इसे चॉकलेट या कॉफी सैशे के साथ पैक करके और भी खास बनाया जा सकता है। यह आपको लगभग ₹100–₹250 के बीच मिल सकते हैं।

हैंड क्रीम

मां, बहन या दोस्त के लिए छोटी हैंड क्रीम दे सकते हैं। आप छोटी ट्रैवल साइज ट्यूब चुन सकते हैं। रोज, एलोवेरा और शीया बटर जैसी वैरायटी बाजार में मिल जाती हैं। यह आप लगभग ₹100–₹250 की बीच खरीद सकते हैं।

डिजाइनर कोस्टर

घर में चाय-कॉफी पीने के दौरान टेबल पर दाग न पड़ें, इसके लिए कोस्टर इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे में डिजाइनर कोस्टर का सेट भी दीवाली गिफ्ट के लिए अच्छा रहेगा। लकड़ी, कॉर्क, सिरेमिक और रेजिन के कोस्टर अलग-अलग डिजाइन में मिल जाते हैं। इन्हें मां, दोस्तों या घर सजाने के शौकीन रिश्तेदारों को दे सकती हैं। इसकी अनुमानित कीमत ₹100–₹250 रहेगी।