अगर आपको लगता है कि पत्ता गोभी (कैबेज) सिर्फ साधारण सब्जी बनाने के लिए ही होती है, तो यह चीजी कैबेज बेक रेसिपी आपकी सोच बदल सकती है। टमाटर की गाढ़ी ग्रेवी, पिघला हुआ चीज, कुरकुरे ब्रेडक्रंब्स और पाइन नट्स के साथ तैयार होने वाली यह डिश स्वाद और टेक्सचर का बेहतरीन मेल है। इसे आप डिनर में अकेले भी परोस सकते हैं या फिर ग्रिल्ड चिकन और लैम्ब के साथ साइड डिश के रूप में भी सर्व कर सकते हैं।
सामग्री
कैबेज और सॉस के लिए
½ हरी पत्ता गोभी, 2 ब्राउन प्याज (पतले स्लाइस में कटे हुए), 4 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल, 4 लहसुन की कलियां (कुचली हुई), 2 बड़े चम्मच टोमैटो पेस्ट, 400 ग्राम क्रश्ड टमाटर, 1 छोटा चम्मच बहारत (लेबनानी सेवन स्पाइस), 1 छोटा चम्मच सूखा पुदीना, 1 छोटा चम्मच नमक, 1 छोटा चम्मच अनार का शीरा, 1 कप वेजिटेबल स्टॉक या पानी
टॉपिंग के लिए
1½ कप कद्दूकस किया हुआ मोजरेला चीज, ½ कप पार्मेजान चीज, ¼ कप ब्रेडक्रंब्स, 1 बड़ा चम्मच पाइन नट्स, बारीक कटा ताजा पार्सले, थोड़ा-सा नींबू का रस, थोड़ा-सा अनार का शीरा (गार्निश के लिए)
बनाने की विधि
कैबेज तैयार करें
पत्ता गोभी को पहले चार हिस्सों में काटें, फिर हर हिस्से को दो भागों में काटकर मोटे वेजेज बना लें। ध्यान रखें कि थोड़ा-सा डंठल (कोर) जुड़ा रहे ताकि पकाते समय वेजेज टूटें नहीं।
कैबेज को सुनहरा सेंकें
एक बड़े ओवन-सेफ पैन में आधा ऑलिव ऑयल गर्म करें। कैबेज के वेजेज को कटे हुए हिस्से की तरफ से रखें और दोनों तरफ से सुनहरा व हल्का कैरेमलाइज होने तक सेंक लें। फिर इन्हें निकालकर अलग रख दें।
टमाटर की ग्रेवी बनाएं
उसी पैन में बचा हुआ ऑलिव ऑयल डालें और प्याज को धीमी आंच पर लगभग 20 मिनट तक सुनहरा और नरम होने तक पकाएं। अब इसमें लहसुन, बहारत मसाला, सूखा पुदीना और नमक डालकर 1 मिनट तक भूनें। इसके बाद टोमैटो पेस्ट डालें और 2 मिनट तक पकाएं। फिर क्रश्ड टमाटर, अनार का शीरा और वेजिटेबल स्टॉक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं।
कैबेज को बेक करें
अब तैयार ग्रेवी में कैबेज के वेजेज रखें। पैन को ढककर 200°C पर पहले से गरम ओवन में 10-15 मिनट तक बेक करें। जब चाकू आसानी से कैबेज में जाने लगे, तो समझिए यह पक चुकी है।
चीज और टॉपिंग डालें
अब ऊपर से मोजरेला और पार्मेजान चीज फैलाएं। इसके बाद ब्रेडक्रंब्स और पाइन नट्स छिड़क दें।
दोबारा बेक करें
पैन को बिना ढके फिर से 15–20 मिनट तक बेक करें, जब तक चीज पूरी तरह पिघलकर सुनहरी और हल्की कुरकुरी न हो जाए।
ऐसे करें सर्व
ओवन से निकालने के बाद ऊपर से ताजा कटा हुआ पार्सले, थोड़ा-सा नींबू का रस और अनार का शीरा डालें। यह चीजी कैबेज बेक गर्मागर्म परोसें। इसे अकेले डिनर के रूप में या ग्रिल्ड चिकन, लैम्ब और गार्लिक ब्रेड के साथ भी सर्व किया जा सकता है।
Also Read
दुनिया की टॉप 100 फिश डिशेज में शामिल हुईं दक्षिण भारत की ये 2 मशहूर डिश, जानिए क्या है खास
