घर जितनी अच्छी तरह सजा होता है, दिखने में उतना ही सुंदर लगता है। अक्सर लोग घर की सजावट के लिए तरह-तरह की महंगी सजावटी चीजों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन आप घर में रखी कई पुरानी चीजों का भी डेकोरेशन में इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हीं में से एक है कांच की पुरानी जैम की बोतलें, जिन्हें अक्सर हम बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी मेहनत करने पर आप इन बोतलों से कई सारे खूबसूरत शोपीस बना सकते हैं। आइए जानते हैं इससे क्या-क्या बना सकते हैं।
फ्लावर वास
पुरानी जैम की बोतलों से आप खूबसूरत फ्लावर वास भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले बोतल को अच्छी तरह धोकर उसका लेबल हटा दें। सूखने के बाद आप इन्हें अपनी पसंद के रंग से पेंट भी कर सकते हैं। इसे आप सफेद, हल्का गुलाबी, पीच या पेस्टल जैसे रंगों से कलर कर सकते हैं। पेंट सूखने के बाद बोतल के मुंह पर जूट की रस्सी, साटन रिबन या लेस बांध दें। इसके बाद इसमें ताजे फूल या आर्टिफिशियल फूल लगा दें। आप चाहें तो बोतल को बिना पेंट किए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
कैंडल होल्डर
पुरानी जैम की बोतलों से कैंडल होल्डर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बोतल के अंदर थोड़े सजावटी पत्थर, रंगीन कंकड़ या कांच के छोटे मोती डालें। अब इसमें बैटरी से चलने वाली छोटी एलईडी लाइट्स या टी-लाइट कैंडल रख दें। बोतल के बाहरी हिस्से को लेस, जूट की रस्सी या रंगीन रिबन से सजाया जा सकता है। इसे डाइनिंग टेबल, सेंटर टेबल या बालकनी में रखें। शाम के समय इसकी रोशनी घर को बेहद आकर्षक लुक देगी।
फेयरी लाइट्स
पुरानी जैम की बोतलों में फेयरी लाइट्स भी डालकर एक शानदार डेकोरेशन तैयार कर सकते हैं। इसके लिए बैटरी से चलने वाली फेयरी लाइट्स को सावधानी से बोतल के अंदर डाल दें और उसका स्विच बाहर की तरफ रखें, ताकि आसानी से चालू और बंद किया जा सके। अब बोतल के बाहरी हिस्से पर अपनी पसंद के अनुसार सजावट करें। इसके मुंह पर रिबन बांध सकते हैं और बाहर की तरफ छोटे सितारे और सजावटी स्टिकर लगा सकते हैं। इन बोतलों को आप बेडरूम की साइड टेबल, बालकनी या लिविंग रूम के किसी कोने में रख सकते हैं।
हैंगिंग प्लांटर
पुरानी जैम की बोतल को अच्छी तरह साफ करके उसमें छोटे आकार के पौधे लगा सकते हैं। इसमें मनी प्लांट की कटिंग, छोटे एयर प्लांट या सजावटी पौधे लगा सकते हैं। बोतल के चारों ओर मजबूत मैक्रेमे की डोरी या जूट की डोरी बांधकर हैंगिंग प्लांटर तैयार किया जा सकता है। इसे बालकनी, खिड़की के पास या दीवार पर टांग दें।
डोकोरेटिव शोपीस
पुरानी जैम की बोतलों को आकर्षक शोपीस में बदलने के लिए आप अलग-अलग सजावटी चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बोतल के अंदर रंगीन रेत, छोटे कंकड़, सीपियां, मोती या सजावटी पत्थर डाल दें। अलग-अलग रंगों की परतें भी बनाकर बोतल को न्यू लुक दे सकते हैं। ऊपर से ढक्कन लगाकर उसे रंगीन पेंट या छोटे सजावटी फूलों से सजा दें। ऐसे शोपीस को सेंटर टेबल, बुकशेल्फ या टीवी यूनिट के पास रख सकते हैं।इन सजावटी चीजों को तैयार करने में ज्यादा खर्च भी नहीं आता और घर को एक नया, रचनात्मक लुक मिल जाता है।
यह भी पढ़ें
बालकनी में लाइटिंग करने का सही तरीका, साधारण झालर को बनाएं आकर्षक
