सावन के महीने में मुंबई की भागदौड़ से दूर शांति और सुकून से कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो हर बार लंबी दूरी का सफर तय करने की जरूरत नहीं है। शहर के पास मौजूद कुछ प्राकृतिक और धार्मिक जगहों पर भी आप ट्रिप प्लान कर सकते हैं। दरअसल हम बात कर रहे हैं तुंगारेश्वर मंदिर की, जो मुंबई के पास वसई में मौजूद है। बारिश के दौरान आसपास की हरियाली, पहाड़ियां, झरनों की आवाज और प्राकृतिक खूबसूरती ट्रेकिंग के अनुभव को यादगार बना सकती हैं।

भगवान शिव के दर्शन के साथ-साथ आप यहां पर कई खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां आकर आपके मन को शांति मिलेगी और मूड भी फ्रेश रहेगा। खास बात यह है कि अगर आप मुंबई में रहते हैं, तो यहां पहुंचने में आपको ज्यादा समय नहीं लगेगा। वीकेंड ट्रिप के लिए यहां पर घूमने का प्लान बनाया जा सकता है।

तुंगारेश्वर मंदिर

पालघर जिले के वसई क्षेत्र में स्थित तुंगारेश्वर में पांच पहाड़ियां हैं, जहां तुंगारेश्वर मंदिर सबसे ऊंचे पहाड़ पर स्थित है। यह मंदिर समुद्र तल से लगभग 2200 फीट की ऊंचाई पर स्थित भगवान शिव को समर्पित है। सावन में भगवान शिव के दर्शन करने के लिए यहां जा सकते हैं।

मान्यताओं के अनुसार यहां पर भगवान परशुराम ने तुंगा नाम के राक्षस का वध किया था। इसके बाद भगवान परशुराम के सम्मान में यहां पर तुंगारेश्वर मंदिर बनाया गया। कहा जाता है कि भगवान परशुराम ने इस जगह पर तपस्या की थी। इस मंदिर में आप शिवलिंग के दर्शन कर सकते हैं। साथ ही यहां हनुमान जी, काल भैरव, जागमाता का मंदिर भी है।

खोडियार माता मंदिर

तुंगारेश्वर मंदिर से आप खोडियार माता मंदिर दर्शन करने जा सकते हैं। साथ ही यहां आसपास के खूबसूरत नजारों का लुत्फ ले सकते हैं। बारिश के मौसम में चारों तरफ हरियाली और सुहावना मौसम बहुत ही शानदार लगता है। शांति और सुकून के बीच समय बिताने के लिए यह जगह बेहतरीन है।

तुंगारेश्वर वॉटरफॉल

मानसून के दौरान तुंगारेश्वर वॉटरफॉल का नजारा बहुत ही आकर्षक लगता है। चारों तरफ हरियाली और पहाड़ियों के बीच बहता पानी मन को सुकून देता है। अगर आप प्रकृति और और बारिश के मौसम का आनंद लेना चाहते हैं, तो मंदिर दर्शन के बाद यहां पर कुछ समय बिता सकते हैं।

तुंगारेश्वर वन्यजीव अभयारण्य

घने जंगल, पहाड़ियों और हरियाली से घिरा हुआ नजारा देखने के लिए तुंगारेश्वर वन्यजीव अभयारण्य जा सकते हैं। मानसून के दौरान यहां की खूबसूरती दोगुना हो जाती है। सुंदर ट्रेकिंग ट्रेल और पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियां देखने को मिल सकती हैं।

कैसे पहुंचे तुंगारेश्वर मंदिर

तुंगारेश्वर महादेव मंदिर जाने के लिए आपको मुंबई लोकल ट्रेन से वसई रेलवे स्टेशन आना होगा। यहां से ऑटो करके ट्रेकिंग पॉइंट पर पहुंच सकते हैं। जहां से शेयरिंग ऑटो लेकर या ट्रेक करके ऊपर जा सकते हैं। इसके अलावा आप अपनी पर्सनल कार से भी आ सकते हैं। मानसून के दौरान (जून से सितंबर) तक यहां घूमने का अच्छा समय माना जाता है।