होली रंगों और व्यंजनों का पर्व है। होलिका दहन के अगले दिन रंगों और गुलाल के साथ एक-दूसरे के साथ लोग होली खेलते हैं। होली के रंगों को प्रेम का प्रतीक माना जाता है। वहीं, इस मौके पर कई स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन भी बनाए जाते हैं। गुझिया, मालपुआ, दही भल्ले, नमकीन पारे, चीप्स-पापड़, ठंडाई, गुलाबजामुन संग कई और व्यंजन बनाए जाते हैं। इस मौके पर सबसे अधिक बोलबाला मीठे व्यंजनों का होता है। ऐसे में होली के मौके जब मीठा खाकर उब जाएं तो टमाटर चाट बना लें।

टमाटर चाट वाराणसी के मशहूर स्ट्रीट फूड्स में से एक है। बनारस में ये आसानी से गली से लेकर चौराहे तक पर मिल जाता है। यह अपने मसालेदार और चटपटे स्वाद के लिए मशहूर है, जिसके चलते दूर-दूर से लोग टमाटर चाट खाने बनारस आते हैं। हालांकि, इसे आप होली के मौके पर घर पर भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं बनारसी स्टाइल में टमाटर चाट बनाने की विधि क्या है।

टमाटर चाट बनाने की सामग्री

  • पके टमाटर- 4 (कटे हुए)
  • उबले आलू- 2
  • देसी घी- 2 चम्मच
  • हींग- एक चुटकी
  • हरी मिर्च- 1
  • भुना जीरा पाउडर- 1 टीस्पून
  • लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
  • काला नमक- स्वादानुसार
  • सफेद नमक- स्वादानुसार
  • इमली की मीठी चटनी- 2 चम्मच
  • कदूदकस किया हुआ अदरक- एक चम्मच
  • हरा धनिया
  • बारीक कटा हुआ प्याज
  • बारीक सेव या चूरा

टमाटर चाट बनाने की विधि

  • सबसे पहले टमाटर को हल्का मैश कर इसे अलग रख दें।
  • अब एक कड़ाही में देसी घी डालकर गर्म कर लें। घी गर्म हो जाने के बाद उसमें हींग, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें।
  • अब इसमें टमाटर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें और उसे पका लें। जब तक टमाटर पूरी तरह गल न जाए तब तक उसे पकाएं।
  • टमाटर पक जाए तो उसमें उबले आलू डाल दें।
  • आलू मिक्स करने के बाद भुना जीरा, लाल मिर्च, काला नमक, साधारण नमक और इमली की चटनी डालकर अच्छे से चला दें।
  • इसे 7-8 मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं, ताकि मसाले पूरी तरह मिल जाएं।
  • पकने के बाद आप इसे कुल्हड़ या बाउल में डालकर ऊपर से हरी धनिया, बारीक सेव और प्याज डालकर गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं। इसपर ऊपर नींबू का रस और चाट मसाला भी डाल सकते हैं।

    Also Read
    होली पर बनाएं गुड़ और नारियल वाली हेल्दी गुझिया, देखें रेसिपी