Bihari Dal Pithi Recipe: उत्तर प्रदेश और बिहार की फेमस डिश दालपिट्ठी को दुल्हन की दाल या दालपीटी नाम से भी जाना जाता है। यह देसी डिश बहुत ही स्वादिष्ट और हेल्दी होती है। गेहूं के आटे और दाल से इसे बनाया जाता है। अगर आप खाने में देसी स्वाद का तड़का लगाना चाहते हैं तो इस बार घर पर यूपी बिहार का पारंपरिक जायका चखने के लिए दालपिट्ठी रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसे घर पर आसानी से कम सामग्री और समय में तैयार किया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
सामग्री
अरहर दाल- 1 कप
गेहूं का आटा- 1.5 कप
हरी मिर्च- 2
लहसुन- 1 चम्मच
अदरक- 1 चम्मच
प्याज- 3/4 कप
टमाटर- 3/4 कप
जीरा- 1 चम्मच
हींग- 1/4 चम्मच
सूखी लाल मिर्च- 4
हल्दी पाउडर- 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
जीरा पाउडर- 1/2 चम्मच
नमक स्वादानुसार
तेल- 3 चम्मच
घी- 2 चम्मच
हरे धनिया- गार्निश के लिए
दालपिट्ठी बनाने का तरीका
सबसे पहले दाल को अच्छे से धोकर पानी, नमक और हल्दी डालकर कुकर में तीन से चार सीटी आने तक उबाल लें। अरहर दाल की जगह आप इसे मूंग या मिक्स दाल से भी बना सकते हैं। जब तक दाल उबल रही है तब तक पिट्ठी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक बाउल में गेंहू का आटा लें और उसमें हल्दी, नमक और जीरा पाउडर डालकर पानी से गूंथ लें। ध्यान रहे कि आटा थोड़ा सख्त रखना है। इसे करीब 10 मिनट के लिए रख दें। अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और इसे बेलन की मदद से रोटी की तरह बेल लें। अब इसे कटोरी या गिलास से छोटी पूरी की शेप में काट लें। पूरी को पिट्टी या अपने अनुसार शेप दे सकते हैं।
अब एक पैन गर्म करके उसमें तेल या घी डालें। जब यह गर्म हो जाए तो इसमें हींग, जीरा और सूखी लाल मिर्च डालें। इसके बाद अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, प्याज और टमाटर डालकर पका लें। जब मसाला अच्छे से पक जाए तो इसमें उबली हुई दाल डालें। अगर दाल ज्यादा गाढ़ी है तो इसमें गरम पानी मिला सकते हैं। जब दाल में उबाल आ जाए तो इसमें तैयार की हुई दालपिट्ठी या दाल की दुलहन को डाल दें। अब थोड़ा नमक डालकर इसे धीमी आंच पर करीब 20 मिनट तक पकाएं। लास्ट में इसे हरा धनिया डालकर और घी डालकर सर्व करें।
