Parwal ki Mithai Kaise Bnaen: परवल का नाम सुनते ही मन में सबसे पहले सब्जी का ख्याल आता है। लेकिन परवल से सिर्फ सब्जी नहीं बल्कि मिठाई भी बनाई जा सकती है। परवल की मिठाई को कई जगहों पर खास मौके और त्योहारों पर बनाया जाता है। अगर आप मीठे के शौकीन हैं और कुछ अलग रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो परवल की मिठाई एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।

अगर आप रोज-रोज एक जैसी मिठाइयों से हटकर कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो यहां बताई गई रेसिपी की मदद से स्वादिष्ट परवल की मिठाई तैयार कर सकते हैं। इसकी रेसिपी निशा मधुलिका ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है।

सामग्री

परवल – 400 ग्राम
बेकिंग सोड़ा – 1/2 चम्मच
चीनी – 2 कप (450 ग्राम)
मावा – 1 कप (250 ग्राम)
पिसी चीनी – 1/4 कप
इलाइची – 7-8
बादाम कतरन
पिस्ता कतरन

परवल की मिठाई बनाने की विधि

बाजार से ताजे परवल खरीदें, जो पीले, दाग लगे, पिलपिले या ज्यादा छोटे न हों। अब इन परवल को धोकर अच्छी तरह से छील लें। इनमें बीच से चीरा लगाएं और अंदर का गूदा निकालकर अलग कर लें। अब इन्हें उबालने के लिए पानी गर्म करें और इसमें बेकिंग सोड़ा मिलाएं। अब परवल को डालकर करीब 5 से 6 मिनट तक उबाल लें। इसके बाद परवल को ठंडे पानी से भरे बाउल में निकाल लें।

चाशनी तैयार करें

अब चाशनी तैयार करने के लिए एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर पकाएं। इसे बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें। इसमें परवल को डाल दें और चाशनी गाढ़ी होने तक इसे पकने दें। ध्यान रखें कि परवल का अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकालने के बाद ही उन्हें चाशनी में डालें। धीरे-धीरे परवल का कलर हल्का बदलने लगेगा। जब चाशनी गाढ़ी हो जाए तो इसे गैस से उतार लें और ठंडा होने दें।

मिठाई की स्टफिंग बनाएं

परवल में भरने के लिए स्टफिंग तैयार करने के लिए एक पैन में मावा डालें। इसे मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए गरम कर लें। जब मावा अच्छे से भुन जाए तो इसे बाउल में निकाल लें। ठंडा होने पर मावा में चीनी, इलायची पाउडर और बादाम या काजू का पाउडर मिला सकते हैं। अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी लोईयां बना लें। अब परवल को चाशनी से निकाल लें। इसके अंदर मावा को भरें। इसी तरह सभी परवल में मावे की स्टफिंग भर दें। अब इन्हें गार्निश करने के लिए ऊपर से बादाम और पिस्ता को बारीक काटकर डाल सकते हैं।