Mushroom Kofta Recipe: बच्चे हो या बड़े हर कोई चाहता है कि रोजाना लौकी, तोरई, पालक, कद्दू और दाल से हटकर कुछ अलग बनाया जाए। ऐसे में हमारे दिमाग में राजमा, पनीर और छोले का ख्याल आता है। हालांकि इन सभी सब्जियों को बार-बार खाकर मन ऊब जाता है। अगर आप भी कुछ अलग रेसिपी की तलाश कर रही हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है। अक्सर हम मशरूम से साधारण सब्जी बनाते हैं। लेकिन अगर आप इससे कुछ अलग बनाना चाहती हैं, तो कोफ्ते की रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। दरअसल आज हम आपको पालक या लौकी के कोफ्ते नहीं बल्कि मशरूम के कोफ्ते की रेसिपी बताने जा रहे हैं।
मशरूम की सब्जी अपने आप में स्वादिष्ट होती है मगर इसके कोफ्ते बनाए जाएं, तो स्वाद और भी मजेदार हो जाता है। इसे बनाने में थोड़ा वक्त लगता है, लेकिन इसमें प्रोटीन, फाइबर और विटामिन भरपूर मात्रा में होते हैं। जिससे यह शानदार जायके के साथ पौष्टिक भी होती है। आइए जानते हैं इसे बनाने के तरीके के बारे में।
सामग्री
मशरूम- 150-200 ग्राम
आलू (मध्यम आकार के)- तीन
अदरक- एक इंच
जीरा- एक चम्मच
अजवाइन- एक चम्मच
लहसुन- पांच-छह कलियां
गरम मसाला- एक चम्मच
नमक- स्वादानुसार
काजू- सात-आठ
काली मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
क्रीम- दो चम्मच
इस तरह बनाएं मशरूम कोफ्ते
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लें और ठंडा होने पर उसका छिलका निकालकर हाथ से अच्छी तरह मसल दें। अब एक पैन में मक्खन या तेल गरम करें और उसमें जीरा, बारीक कटा अदरक-लहसुन डालें। इसे हल्का-सा भूनने के बाद कटे हुए मशरूम डालें और सुनहरा होने तक भूनें। फिर एक कटोरे में मशरूम, बारीक कटा हरा धनिया, मसले हुए आलू, नमक, काली मिर्च पाउडर, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। इस मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें। अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोले यानी कोफ्ते बनाएं और कड़ाही में तेल गरम करके इन्हें सुनहरा होने तक तल लें।
ग्रेवी तैयार करने के लिए काजू, खसखस और लहसुन को थोड़ी देर पानी में भिगोएं और उसका पेस्ट तैयार कर लें। इसके बाद कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें काजू वाला मिश्रण डालकर भूनें। फिर नमक, हल्दी और काली मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं। इसे तेल के अलग होने तक भूनें। अब कड़ाही में थोड़ा-सा पानी डालकर उसे तब तक पकाएं, जब तक कि गाढ़ी तरी न बन जाए। इसके बाद इसमें दो या तीन चम्मच क्रीम डालें और अच्छी तरह मिलाएं। फिर तले हुए कोफ्ते इसमें डालें और दो-तीन मिनट तक ढक्कन रखकर पकाएं। इस तरह मशरूम कोफ्ता बनकर तैयार है। इसे डिनर में चपाती, नान या चावल के साथ परोसा जा सकता है। त्योहार या किसी खास मौके पर इस रेसिपी को ट्राई किया जा सकता है। इसका स्वाद बड़ों के साथ-साथ बच्चों को भी पसंद आ सकता है।
