Moong Dal Halwa Recipe: भाई-बहन का खास त्योहार रक्षाबंधन इस साल 28 अगस्त को मनाया जा रहा है। इस दौरान बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है और उसे मीठा खिलाती है। बर्फी, लड्डू और अन्य मिठाइयां इस मौके पर खूब खाई जाती हैं। लेकिन अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो मूंग दाल का हलवा ट्राई कर सकती हैं। जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। जिसके लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होगी।

अगर कभी मीठा खाने का मन हो, तो मूंग दाल का हलवा एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कैल्शियम जैसे जरूरी पोषक तत्त्व होते हैं। मूंग हाजमे को भी दुरुस्त रख सकती है। देसी घी और मेवे के साथ इसका हलवा बनाने पर स्वाद दिल को खुश कर देता है। यहां दी गई रेसिपी की मदद से आप इसे घर पर आसानी से बना सकते हैं।

जरूरी सामग्री

धूली मूंग दाल- 200-250 ग्राम
दूध- डेढ़ कप
हरी इलायची पाउडर- आधा चम्मच
केसर- एक चुटकी
बादाम- चार-पांच
काजू- पांच-छह
पिस्ता- तीन-चार
चीनी- स्वादानुसार

मूंग दाल हलवा बनाने का तरीका

हलवा बनाने के लिए सबसे पहले धुली हुई मूंग दाल को तीन-चार घंटे पानी में भिगो लें। फिर इसमें से अतिरिक्त पानी निकाल दें और इसे मिक्सर जार में बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। साथ ही दो चम्मच गर्म दूध में केसर घोलकर अलग से रख दें। इसके बाद काजू, बादाम और पिस्ता को बारीक काट लें। अब एक कड़ाही में देसी घी गरम करें और उसमें मूंग दाल का पेस्ट डालें। मिश्रण को मध्यम आंच पर चलाते हुए पकाएं। शुरुआत में मिश्रण चिपचिपा होता है और इसे चलाना थोड़ा मुश्किल होता है, मगर धीरे-धीरे यह शुष्क होने लगता है। इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक वह दानेदार न हो जाए।

इस अवस्था में दाल का रंग हल्का सुनहरा भूरा हो जाता है और उसमें से खुशबू आने लगती है। अब इसमें डेढ़ कप गुनगुना दूध और एक कप गुनगुना पानी मिलाएं। लगातार चलाते हुए इसे तब तक पकाएं, जब तक कि मिश्रण सारी नमी सोख न ले और घी किनारों से अलग होने लगे। अब आंच धीमी करके आवश्यकतानुसार चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को गाढ़ा होने तक पकाएं और फिर इसमें इलायची पाउडर तथा केसर वाला दूध डालें। करीब एक मिनट बाद इसमें कटे हुए मेवे डालें और अच्छी तरह मिलाकर आंच बंद कर दें। इसे थोड़ा ठंडा होने के बाद परोसें।