Green Chilli Pickle Recipe: गर्मियों के समय खाने के साथ अचार खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है। दाल-चावल, पराठे या खिचड़ी के साथ अचार बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। अक्सर लोग इसे बाजार से खरीदते हैं या घर पर बनाते हैं जिसमें लंबा वक्त लगता है। अगर आप झटपट अचार बनाना चाहते हैं तो हरी मिर्च के अचार की ये रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस अचार को बनाने में ज्यादा समय और सामग्री की आवश्यकता नहीं होगी। इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है।

मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने हरी मिर्च के अचार की आसान और खास रेसिपी अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है जिसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। अगर आपको तीखा और चटपटा खाना पसंद है तो इस रेसिपी को बना सकते हैं।

हरी मिर्च का अचार बनाने की सामग्री

हरी मिर्च – 250 ग्राम
नमक – 1½ चम्मच (मिर्च को मेरिनेट करने के लिए)
मेथी दाना – 1 चम्मच
कलौंज – 1 चम्मच
सौंफ – 1 चम्मच
राई – 2 चम्मच
हींग – ½ चम्मच
हल्दी – 1 चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च – 1½ चम्मच
नमक – 1½ चम्मच (मसाले के लिए)
सरसों का तेल – ¼ कप
सिरका – 3 चम्मच

हरी मिर्च का अचार बनाने का तरीका

सबसे पहले हरी मिर्च को पानी की मदद से अच्छे से साफ करें और कपड़े से पोंछ लें। कुछ देर इसे हवा में सूखने दें। आप चाहें तो इन हरी मिर्च की डंडियां भी अलग कर सकते हैं। अब चाकू की मदद से हरी मिर्च को बीच से दो हिस्सों में काट लें। अचार बनाने के लिए आप बारीक पतली लंबी मिर्च की जगह मोटी अचारी मिर्च भी ले सकते हैं।

अब एक बाउल में कटी हुई हरी मिर्च डालें। इसमें सबसे पहले नमक डालें और करीब 1 घंटे के लिए रख दें। इससे अचार का स्वाद बेहतर होगा और इसकी शेफ लाइफ बढ़ेगी। लगभग 1 घंटे तक रखने के बाद मिर्च से निकला अतिरिक्त पानी निकाल दें।

अब एक पैन को गरम करें और उसमें मेथी दाना, कलौंजी, सौंफ और राई डालें। ध्यान रहे कि इन मसालों को हल्का गरम करना है ताकि इनका स्वाद बरकरार रहे। अब मसालों को ठंडा करके दरदरा कूट लें। अब हरी मिर्च में तैयार किया मसाला, हींग, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, नमक, सरसों का तेल और सिरका डालकर अच्छे से मिलाएं। अचार में सिरके का इस्तेमाल इसे लंबे समय तक खराब होने से बचाता है।

इस तरह हरी मिर्च का अचार झटपट तैयार है जिसे आप कुछ घंटो बाद या अलगे दिन बाद खा सकते हैं जिससे मसालों का स्वाद मिर्च में पूरी तरह मिल जाएगा। इसे आप घर पर किसी भी समय आसानी से बना सकते हैं जो रोटी, पराठे या पूरी के साथ खाने में बहुत स्वादिष्ट लगेगा।