Lip Care Tips: होंठों का रूखापन और फटना एक आम समस्या है जो किसी भी मौसम में हो सकती है। इसके पीछे बदलता मौसम, गलत लिप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल, पोषण की कमी और डिहाइड्रेशन जैसे कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। अगर होंठों को लंबे समय तक हेल्दी और सॉफ्ट बनाए रखना चाहते हैं तो कुछ लिप केयर टिप्स की मदद ले सकते हैं।
रूखे और फटे होंठों के पीछे कारण
होंठों की त्वचा शरीर के बाकी हिस्सों से ज्यादा सेंसिटिव होती है इसलिए शरीर में पोषण और पानी की कमी का असर सबसे पहले होंठों पर नजर आने लगता है। कई बार बदलते मौसम की वजह से भी होंठ रूखे और बेजान हो जाते हैं। उन पर पपड़ी जमने लगती है, जिसकी वजह से होंठ और भी खराब दिखने लगते हैं। इसके अलावा रोजाना लिपस्टिक का इस्तेमाल भी होंठों की प्राकृतिक नमी को कम कर सकता है। कई बार हम ऐसी लिपस्टिक इस्तेमाल कर लेते हैं जो स्किन को सूट नहीं करती हैं जिसकी वजह से होंठ बार-बार फटने लगते हैं।
लिप केयर टिप्स
होंठों को मॉइश्चराइज रखें
नमी की कमी के कारण होंठ फटने लगते हैं ऐसे में रात को सोने से पहले होंठों पर लिप बाम लगा सकते हैं, जिससे उन्हें नमी मिल सके। अगर आपकी स्किन सेंसिटव है तो डॉक्टर की सलाह से लिप बाम इस्तेमाल करें।
एक्सफोलिएट करें
स्किन केयर के साथ-साथ लिप केयर भी जरूरी होती है। होंठों की त्वचा को मुलायम बनाए रखने के लिए नियमित रूप से एक्सफोलिएट करें। इससे डेड स्किन हट जाती है और होंठ ज्यादा सॉफ्ट नजर आते हैं।
लिपस्टिक हटाकर सोएं
अगर आप दिनभर लिपस्टिक लगाती हैं तो सोने से पहले उसे साफ जरूर करें। क्योंकि लंबे समय तक लिपस्टिक इस्तेमाल करने की वजह से होंठ रूखे दिख सकते हैं।
शरीर को हाइड्रेटेड रखें
शरीर के साथ होंठों को स्वस्थ रखने के लिए भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। शरीर में पानी की कमी होने पर होंठ जल्दी सूख सकते हैं। ऐसे में दिनभर पर्याप्त पानी पीने की कोशिश करें।
बार-बार छूने से बचें
होंठों को बार-बार हाथ लगाना या जीभ से गीला करने की आदत सही नहीं मानी जाती है। इससे होंठों की प्राकृतिक नमी कम हो सकती है और होंठ ज्यादा रूखे नजर आ सकते हैं।
हेल्दी डाइट लें
पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लेना शरीर के लिए ही नहीं बल्कि होंठों के लिए भी जरूरी माना जाता है। इसके लिए डाइट में सूखे मेवे, हरी सब्जियां, फ्रूट्स जैसी चीजों को शामिल कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।
