Navratri Hairstyle Ideas: नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस खास मौके पर जगह-जगह डांडिया और गरबा नाइट का आयोजन होता है। इस त्योहार को मनाने के लिए घरों में पूजा व व्रत किया जा सकता है। वहीं शाम के समय गरबा और डांडिया आयोजन में शामिल होने के लिए महिलाएं खूबसूरत और रंग-बिरंगे ट्रेडिशनल आउटफिट पहनती हैं। ट्रेडिशनल आउटफिट को खास बनाने के लिए सिर्फ ज्वेलरी और फुटवियर नहीं बल्कि हेयरस्टाइल भी अहम भूमिका निभाते हैं। हालांकि कई बार हम एक ही तरह का हेयरस्टाइल कर लेते हैं, जिसकी वजह से लुक बोरिंग लग सकता है।

आप सिंपल हेयरस्टाइल को भी यूनिक और आकर्षक लुक दे सकती हैं, इसके लिए बीड्स यानी मोती, कौड़ी, गोटा-पट्टी और लेस का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आप ट्रेडिशनल लुक को नवरात्रि स्पेशल बनाना चाहती हैं, तो यहां दिए गए हेयरस्टाइल से आइडिया ले सकती हैं।

बीडेड हेयरस्टाइल

अगर आपके बाल पतले या छोटे हैं, तो इस तरह का हेयरस्टाइल नवरात्रि के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए बालों को आधा खुला रखें और आधे बाल बांध लें। अब बीच में मोतियों और रंग-बिरंगी हेयर एक्सेसरीज लगाकर बालों को यूनिक लुक दें। इस तरह का हेयरस्टाइल मिरर वर्क चोली के साथ बहुत खूबसूरत लग सकता है। इसके साथ आप नीचे के बालों को हल्का कर्ल कर सकते हैं, इससे लुक आकर्षक नजर आ सकता है।

लो बन हेयरस्टाइल

डांडिया या गरबा नाइट के लिए रंग-बिरंगी चनिया चोली पहन रही हैं, तो उसके साथ लो बन हेयरस्टाइल अपना सकती हैं। अगर आपके लंबे बाल हैं, तो इस तरह बालों को स्टाइल करने से आपको गरबा करने में भी आसानी होगी। इस हेयरस्टाइल को यूनिक बनाने के लिए बन में गजरा, रंग-बिरंगे बीड्स और मेटल एक्सेसरीज का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस हेयरस्टाइल को बैकलेस चोली और स्टेटमेंट ईयररिंग्स के साथ पेयर कर सकती हैं।

पोनीटेल विद कर्ली हेयर

इस हेयरस्टाइल को बनाने के लिए सबसे पहले अपने बालों को कर्ल कर लें। अगर आपके बाल पहले से कर्ली हैं, तो इस हेयरस्टाइल को बनाने में आपको ज्यादा समय नहीं लगेगा। अब आगे के बालों से छोटी-छोटी चोटी बनाकर पीछे पोनीटेल बनाएं। यह हेयरस्टाइल ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ आकर्षक और स्टाइलिश लुक देर सकता है। गरबा नाइट के लिए इस तरह का हेयरस्टाइल अपनाया जा सकता है।

ब्रेड (चोटी) विद गोटा पट्टी

नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान डांडिया और गरबा नाइट पर ज्यादातर महिलाएं रंग-बिरंगे कपड़े पहनना पसंद करती हैं। इसके साथ आप मैचिंग हेयरस्टाइल अपना सकती हैं। इसके लिए सिंपल चोटी बनाएं और उसे गोटा पट्टी से सजाएं। ब्लैक चनिया चोली और ऑक्सीडाइज्ड झुमकों के साथ यह हेयरस्टाइल यूनिक और अट्रैक्टिव लुक दे सकता है।

रंगीन माइक्रो ब्रेड

गरबा और डांडिया नाइट में कलरफुल ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ कलरफुल हेयरस्टाइल अच्छा लुक क्रिएट कर सकता है। इसके लिए आप यहां दिए गए हेयरस्टाइल से आइडिया ले सकती हैं। इस हेयरस्टाइल को बनाने के लिए बालों की छोटी-छोटी चोटियां बनाएं। अब इन चोटियों को रंगीन मोतियों, कौड़ियों और रिबन से सजा सकती हैं। नवरात्रि में बालों को खुला रखना चाहती हैं, तो इस तरह का हेयरस्टाइल अपना सकती हैं।

बबल ब्रेड विद लेस

सिंपल बबल ब्रेड को नवरात्रि टच देने के लिए इसकी लेयरिंग लेस से कर सकती हैं। इसके अलावा मोतियों और फूलों से भी इसे सजाया जा सकता है। अगर आपके बाल लंबे हैं, तो इस तरह का हेयरस्टाइल काफी यूनिक और आकर्षक लुक दे सकता है। यह हेयरस्टाइल ट्रेडिशनल आउटफिट को खास और यूनिक बनाने में मदद कर सकता है। इसके साथ स्टेटमेंट ब्लाउज को पेयर किया जा सकता है।