होली रंग, उल्लास और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार है। होली के मौके पर कई पकवान बनाने की परंपरा है। इस मौके पर गुझिया, पापड़, चिप्स, ठंडाई और मालपुआ जैसे कई पकवान बनाए जाते हैं। शाम को मिलन के दौरान ज्यादा समय नहीं बचता है, जिसके चलते कई बार अच्छे से मेहमाननवाजी नहीं हो पाती है। ऐसे में यहां पर कुछ ऐसी स्वादिष्ट फूड्स की रेसिपी दी गई है, जिन्हें आप होली पर कम समय में आसानी से बना सकते हैं।

होली पर कम समय में पनीर टिक्का कैसे बनाएं (Photo Source: Freepik)

1- पनीर टिक्का
अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं बचा है तो होली पर आ रहे मेहमानों के लिए पनीर टिक्का बना सकते हैं।

बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए एक कटोरी दही में अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस मिला लें। अब उसमें पनीर के टुकड़ों को आधे घंटे के लिए मैरिनेट होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद तंदूरी या ओवन में पका लें। जब होली खेलने जाएं तो उसी समय इसे मैरिनेट करने के लिए रख दें। ऐसे में आपका समय भी बचेगा और स्वादिष्ट पनीर टिक्का भी बन जाएगा।

होली पर कम समय में बनने वाले पांच स्वादिष्ट फूड्स (Photo Source: Freepik)

2- चीज कॉर्न बॉल
होली के मौके पर कुरकुरे चीज कॉर्न बॉल्स भी बना सकते हैं। बच्चों को यह खूब पसंद आता है। इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता है।

बनाने की विधि
कुरकुरे चीज बॉल्स बनाने के लिए 3-4 आलू को उबाल लें और फिर मैश कर उसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर या चीज डाल दें। इसके बाद इसमें मसाले, कॉर्नफ्लोर और नमक मिला लें। मिश्रण को गोल-गोल बनाकर बीच में चीज स्टफ कर दें और ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट दें। गरम तेल में गोल्डन ब्राउन होने तक डीप फ्राई कर लें।

घर पर टमाटर चाट बनाने की रेसिपी (Photo Source: ChatGPT AI Image)

3- टमाटर चाट
होली के मौके पर मीठे का सेवन अधिक किया जाता है, जिसके चलते कुछ देर बाद चटपटी चीज खाने का मन करने लगता है। ऐसे में शाम को आए मेहमानों और घर के अन्य सदस्यों के लिए टमाटर चाट बनाया जा सकता है।

बनाने की विधि
टमाटर चाट बनाने के लिए 4 पके टमाटर को मैश कर लें। इसके बाद कड़ाही में देसी घी डालकर गर्म कर लें। घी गर्म हो जाने के बाद उसमें हींग, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। अब टमाटर डालकर मिक्स कर लें। अब इसमें 2 उबले आलू, भुना जीरा, लाल मिर्च, काला नमक, साधारण नमक और इमली की चटनी डालकर अच्छे से मिक्स कर दें। करीब 7-8 मिनट मध्यम आंच पर पकने के बाद आपका स्वादिष्ट टमाटर चाट तैयार है। इसे एक बाउल में निकाल लें और ऊपर से धनिया, प्याज और बारीक सेव डालकर सर्व कर सकते हैं।

वेज कबाब बनाने की विधि (Photo Source: Freepik)

4- वेज कबाब
होली के मौके पर वेज कबाब भी बना सकते हैं। ये न सिर्फ बड़ों बल्कि बच्चों को भी पसंद आ सकते हैं। घर पर आसानी से क्रिस्पी कबाब बना सकते हैं।

वेज कबाब बनाने की विधि
सबसे पहले एक कप गाजर, मटर, चुकंदर और 1 आलू को उबाल कर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ आधा कप पनीर, 2-3 हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिला लें।

इसमें 2-3 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स डालकर पेस्ट और थोड़ा और गाढ़ा कर लें। अब इस मिश्रण को छोटा-छोटा गोल आकार देते हुए धीमी आंच पर पका लें। जब ये सुनहरा हो जाए तो इसे निकाल लें और हरी चटनी के साथ सर्व करें।

घर पर बाजार जैसी काले चने टिक्की की रेसिपी (Photo Source: Freepik)

5- काला चना टिक्की
होली के मौके पर काले चने की टिक्की भी बना सकते हैं। अगर रात में चना को भीगो कर रख दें तो होली वाले दिन इसे 10 से 15 मिनट में बना सकते हैं।

बनाने की विधि
भीगे हुए काले चने को उबाल लें और उसमें 1-2 उबले आलू अच्छे से मैश कर दें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले डालकर अच्छे से मिला लें। अब छोटे-छोटे टिक्की बना लें और तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे आप हरी चटनी या लहसुन-टमाटर की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

Also Read
होली पर मीठे से हो जाएं बोर तो ट्राई करें टमाटर चाट, बनारसी स्टाइल में ऐसे बनाएं