Daliya Recipes: अगर आप रोज एक जैसा दलिया खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार स्वाद में थोड़ा बदलाव कर सकते हैं। कुछ आसान सामग्री की मदद से दलिया को अलग-अलग तरीके से बनाया जा सकता है। दलिया में फाइबर, विटामिन और जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। यही कारण है कि ज्यादातर लोग इसे डाइट में शामिल करना पसंद करते हैं। सुबह का नाश्ता, बच्चों के टिफिन, शाम को हल्का भोजन या कुछ हेल्दी खाने का मन है, तो दलिया की इन रेसिपीज को ट्राई किया जा सकता है।
वेजिटेबल दलिया
वेजिटेबल दलिया नाश्ते या शाम के भोजन के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जिसे कम समय और कम सामग्री में आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे आप कड़ाही या कुकर दोनों में अपनी सुविधा के अनुसार बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले कड़ाही लें और उसमें थोड़ा सा तेल गर्म करें। अब इसमें जीरा, प्याज, आलू, गोभी, शिमला मिर्च, कॉर्न और मूंगफली डालकर पकाएं। अब इसमें हल्दी पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला डालें। इसके बाद दलिया डालें और जरूरत के अनुसार पानी डालकर पकने दें। जब दलिया पक जाए और पानी सूख जाए तो गैस बंद कर दें। अंत में इसके ऊपर बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश करें।
दलिया उपमा
दलिया को अच्छी तरह से पानी से धो लें और इसे गर्म पानी में एक घंटे के लिए भिगोकर रखें। इससे दलिया फूल जाएगा और नरम हो जाएगा। अब इस दलिए में थोड़ा और पानी डालकर पैन में रख दें। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं। इसे करीब 10-12 मिनट तक उबलने दें। अब दलिए का पानी निकाल लें। एक पैन में तेल गर्म करें और इसमें सफेद उड़द दाल, चना दाल, राई और हींग डालकर भून लें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर पकाएं। गाजर, मटर और बींस भी इसमें मिला सकते हैं। सब्जियां पक जाएं तो इसमें थोड़ा पानी डाल दें। अब इसमें उबला हुआ दलिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
मीठा दलिया
इसे बनाने के लिए एक पैन में घी गर्म करें। अब इसमें बादाम, काजू, मखाना और सूखे नारियल को हल्का भून लें। दूसरी तरफ एक पैन में हल्का घी डालकर दलिया को भी सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें पानी डालें और इसे ढककर पका लें। जब यह पक जाए तो गुड़ या गुड़ का पाउडर पानी में घोलकर दलिया में अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालें और कुछ देर पकाएं। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें इलायची पाउडर और जायफल को कद्दूकस करके डाल सकते हैं। इस तरह स्वादिष्ट मीठा दलिया तैयार हो जाएगा।
