सुबह कम समय में नाश्ता तैयार करना हो, शाम की हल्की भूख के लिए कुछ नया ट्राई करना हो या फिर त्योहारों के सीजन में कुछ मीठा बनाने का मन है, तो सेवई बेहतरीन विकल्प हो सकती है। सेवई से आप एक या दो नहीं बल्कि कई चीजें बना सकते हैं। यह स्वाद में लाजवाब लगती है और बनकर जल्दी तैयार भी हो जाती है। अगर आप रोज के खाने से हटकर कुछ बनाना चाहते हैं, तो यहां बताई गई रेसिपी को आजमा सकते हैं। दरअसल आज हम आपको सेवई से बनने वाली बेहद आसान और स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। इन्हें आप कम समय में भी बना सकते हैं।

नमकीन सेवई बनाने के लिए सामग्री

सेवई
प्याज
टमाटर
शिमला मिर्च
मटर
मूंगफली
जीरा
हल्दी पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
नमक

इस तरह बनाएं

सुबह नाश्ते के लिए कुछ चटपटा और मिनटों में तैयार होने वाली रेसिपी तलाश रहे हैं, तो नमकीन सेवई बनाई जा सकती है। इसे बनाने के लिए आप रोस्टेड सेवई ले सकते हैं। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें जीरा, प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, मटर डालें और इसे कुछ देर पकने दें। अब ऊपर से हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें। अब सेवई और पानी डालें। ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो। इसे ढककर करीब 5 से 8 मिनट तक पकाएं। जब सेवई पक जाए तो गैस बंद कर दें। जब यह तैयार हो जाए, तो ऊपर से हरा धनिया और मूंगफली मिलाएं।

चीजी सेवई कटलेट के लिए सामग्री

सेवई
उबला आलू
चीज
प्याज
हरा धनिया
नमक
चाट मसाला
बेसन

बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सबसे पहले सेवई को पानी में उबाल लें। जब सेवई पक जाए तो सारा पानी निकाल दें। सेवई में अब बारीक कटी प्याज, मैश किया आलू, चीज, धनिया डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें हल्दी, नमक, चाट मसाला डालें। इसे बाइंड करने के लिए थोड़ा-सा बेसन मिलाएं। इस मिश्रण से छोटे-छोटे कटलेट बनाएं। अब तवे पर थोड़ा तेल डालें और कटलेट को दोनों तरफ अच्छी तरह सेक लें। जब यह सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो प्लेट में निकाल लें। इसे गरम-गरम चटनी के साथ सर्व करें।

मीठी सेवई बनाने के लिए सामग्री

सेवई
दूध
चीनी या गुड़
इलायची
काजू
बादाम
किशमिश

कैसे बनाएं?

त्योहार पर मीठा बनाने का समय नहीं मिल पाया है, तो मिनटों में सेवई की खीर बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में घी डालकर गरम करें। अब इसमें सेवई डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भून लें। जब सेवई हल्की भूरी हो जाए, तो इसे बाउल में निकाल लें। अब बर्तन में दूध डालें और इसे गरम होने दें। ध्यान रखें कि आंच मध्यम हो। जब दूध में उबाल आ जाए, तो इसमें भुनी हुई सेवई डाल दें। कुछ देर बाद इसमें चीनी या गुड़ डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। अब ऊपर से इलायची पाउडर डालें। खीर गाढ़ी होने लगे तो इसमें ड्राई फ्रूट्स डालकर 2 मिनट के लिए पकाएं। इस तरह खीर तैयार हो जाएगी।