Lauki Breakfast Recipes: सुबह के नाश्ते में पोहा, उपमा, दलिया, ओट्स और चीला खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नई रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। सुबह के समय ज्यादातर लोग ऐसा नाश्ता पसंद करते हैं, जो हल्का होने के साथ-साथ पेट भरने वाला भी हो। ऐसे में लौकी एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। लौकी की मदद से आप कई तरह की स्वादिष्ट और हेल्दी ब्रेकफास्ट रेसिपी आसानी से तैयार कर सकते हैं।
लौकी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इससे बनने वाला बन डोसा, वड़ी और सैंडविच शायद ही कभी ट्राई किया हो। जिनकी रेसिपी मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। जिसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।
लौकी बन डोसा
सामग्री
लौकी – 1 कद्दूकस की हुई
रवा – 1 कप
दही – ¼ कप
नमक- स्वादानुसार
पानी- जरूरत के अनुसार
तेल- 1½ चम्मच
हींग- 1½ चम्मच
सरसों के बीज- 1 चम्मच
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
चना दाल- 2 चम्मच
अदरक – 1 चम्मच कटा हुआ
प्याज- 1½ कप
करी पत्ता- 4-5
तिल- 1 चम्मच
बेकिंग सोडा- 1 चम्मच
बनाने का तरीका
सबसे पहले लौकी को कद्दूकस कर लें। अब इसमें रवा, दही, नमक और जरूरत के अनुसार पानी डालकर अच्छी तरह बैटर बना लें। इसे करीब 5 मिनट के लिए रख दें। अब एक पैन में तेल गर्म करें और इसमें हींग, सरसों के बीज, हरी मिर्च, चना दाल, अदरक, प्याज और करी पत्ता डालें। तैयार किए हुए तड़के को बैटर में डालें। अब इसमें बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब छोटा तड़का पैन लें और इसमें बैटर डालें, जब एक तरफ से पक जाए तो दूसरी तरफ पलटकर सेंक लें। इस तरह बन डोसा तैयार हो जाएगा।
लौकी का सैंडविच
सामग्री
लौकी का पेस्ट – 1 कप
अदरक – 1 टुकड़ा
2 हरी मिर्च
नमक-स्वादानुसार
रवा- 1 कप
दही – ½ कप
1 चम्मच बेकिंग सोडा
बनाने की विधि
लौकी को अदरक के साथ अच्छे से बारीक पीस लें। अब इस पेस्ट में दही, नमक और रवा डालकर अच्छे से ब्लेंड कर लें। इसे एक बाउल में निकाल लें और इसमें बेकिंग सोडा मिक्स करें। अब सैंडविच मैकर को गर्म कर लें और इस पर हल्का सा तेल लगा लें। इसमें बैटर डालें और पकने दें। इस तरह बिना ब्रेड के आप सैंडविंच तैयार हो जाएंगे, जिसे आप चटनी या केचप के साथ सर्व कर सकते हैं।
लौकी के वड़ी
सामग्री
लौकी -2 कप
बेसन- 1½ कप
चावल का आटा – 1½ कप
जीरा- 1 चम्मच
अजवाइन- 1½ चम्मच
गरम मसाला – ½ चम्मच
तिल- 2 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
हरी मिर्च – 3
हरा धनिया – 2 चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 चम्मच
नींबू का रस- 1 चम्मच
तेल – 2 चम्मच
बनाने का तरीका
लौकी के वड़ी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को कद्दूकस कर लें। इसमें बेसन और चावल का आटा मिक्स करें। साथ ही इसमें जीरा, अजवाइन, गरम मसाला, शीशम के बीज, नमक, हरी मिर्च, हरे धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नींबू का रस और 2 चम्मच तेल को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस आटे को स्टीमर में रख दें। करीब 15 मिनट पकने के बाद इसे निकाल लें। जब यह ठंडा हो जाए तो इन्हें टुकड़ों में काट लें। अब इन वड़ियों को तेल में डालकर हल्का फ्राई कर लें।
