Curd Rice Recipes: गर्मियों के समय भारी और मसालेदार खाना खाने देखकर बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में हर कोई हल्की और स्वादिष्ट रेसिपी की तलाश करता है जो पेट को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ स्वाद में भी लाजवाब हो। इसके लिए दक्षिण भारत के लोकप्रिय दही चावल बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अगर आप घर पर सादा दही चावल बनाते हैं तो इस बार इन्हें कुछ नया ट्विस्ट दे सकते हैं जो खाने के स्वाद को दोगुना कर सकता है। आज हम आपको दही चावल के 3 अलग-अलग फ्लेवर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी रेसिपी शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है।
जरूरी सामग्री
पके हुए चावल
ठंडा दूध
दही
नमक स्वादानुसार
तड़के के लिए सामग्री
तेल- 2 चम्मच
हींग- चुटकी भर
उड़द दाल- 1 चम्मच
चना दाल- 1 चम्मच
छोटी राई- 1 छोटी चम्मच
करी पत्ते- 3-4
हरी मिर्च- 2
कश्मीरी लाल मिर्च- 2-3
अदरक
काजू
कुटी हुई काली मिर्च
धनिया पत्ता
गाजर
पानी
दही चावल तैयार करने का तरीका
सबसे पहले भिगोए हुए चावल को पानी और नमक के साथ अच्छी तरह पकाएं। पकने के बाद चावल को ठंडा होने दें। अब एक बाउल में पके हुए चावल, ठंडा दूध और फेंटा हुआ दही डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद एक पैन में तेल गरम करें और इसमें हींग, राई, उड़द दाल और चना दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब करी पत्ता, हरी मिर्च, लाल मिर्च, अदरक, काजू और काली मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं। इस तड़के को दही चावल के मिश्रण में मिला दें।
वेजिटेबल दही चावल
एक बाउल में तैयार तड़के वाले दही चावल लें और इसमें कद्दूकस की हुई गाजर और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं। अगर दही चावल थोड़ा गाढ़ा है तो इसमें हल्का पानी मिला सकते हैं। आप चाहें तो इसमें बारीक कटा टमाटर और प्याज भी डाल सकते हैं।
चुकंदर दही चावल
इसके लिए एक बाउल में दही चावल का मिश्रण लें और इसमें कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चुकंदर की वजह से चावल का रंग गुलाबी हो जाएगा और स्वाद भी अलग मिलेगा।
शेजवान दही चावल
अगर आप कुछ फ्यूजन फ्लेवर चाहते हैं तो दही चावल में 1 या 2 चम्मच शेजवान चटनी मिला सकते हैं। इससे दही चावल का स्वाद हल्का तीखा और चटपटा हो जाएगा। इस रेसिपी को आप लंच या डिनर के साथ बना सकते हैं जो खाने का स्वाद दोगुना कर सकती हैं।
गर्मियों में पेट को ठंडक पहुंचाने के लिए लंच या डिनर में दही चावल की ये अलग-अलग रेसिपी ट्राई की जा सकती है। इसे आप आम के अचार और तली हुई हरी मिर्च के साथ खा सकते है। इसे बच्चे से लेकर बड़े तक चाव से खाएंगे और शरीर को भी फायदा मिल सकता है।
यहां देखें वीडियो: https://youtu.be/EHcjV8OkjGo?si=jg09o51o_SZqEgsb
