भारत में कुछ मिठाई ऐसी हैं, जो ज्यादातर त्योहारों पर बनाई जाती हैं। जलेबी, गुलाब जामुन, बर्फी, लड्डू, घेवर और मालपुआ इनमें शामिल हैं। मालपुआ एक ऐसी डिश है जिसे सिर्फ त्योहारों पर नहीं बल्कि किसी भी समय आसानी से बनाया जा सकता है। हालांकि अक्सर हम इसे सिर्फ एक ही तरीके से बनाते हैं। अगर आप भी हर बार की तरह एक ही रेसिपी से मालपुआ बनाते हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। हम आपको यहां एक नहीं बल्कि 3 अलग-अलग तरीकों से मालपुआ बनाने की रेसिपी बताएंगे। जिनका स्वाद और टेक्सचर अलग-अलग होगा। इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।

मालपुआ बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं, जो मीठे की क्रेविंग को शांत कर सकते हैं। अगर आपको भी यह पसंद है, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर शेफ कुणाल कपूर ने मालपुआ बनाने की अलग-अलग तरीके शेयर किए गए हैं, जिसकी मदद से आप घर पर मालपुआ बना सकते हैं।

चाशनी के लिए सामग्री

  • चीनी-1.5 कप
  • पानी-1.5 कप
  • सौंफ- 2 चम्मच
  • इलायची -4-5

सबसे पहले चाशनी बनाने की तैयारी करें। इसके लिए एक बर्तन में चीनी, पानी, सौंफ और इलायची डालें। इसमें आप चाहें तो केसर और गुलाब जल भी डाल सकते हैं। जब इसमें उबाल आ जाए और चीनी घुल जाए तो कुछ देर और पकाएं। ध्यान रखें कि मोटे तार वाली चाशनी न बनाएं। मालपुआ के लिए ऐसी चाशनी चाहिए जिसे हाथ में लगाते ही चिपचिपाहट महसूस हो। इसलिए इसे धीरे-धीरे पकने दें। जब यह तैयार हो जाए तो गैस बंद कर दें। मालपुआ डालते समय चाशनी को न ज्यादा गरम रखें और न ज्यादा ठंडा।

बनाना मालपुआ

सामग्री

  • आटा- 1 कप
  • सूजी- 2 चम्मच
  • इलायची पाउडर- 1 चम्मच
  • सौंफ- 1 चम्मच
  • केला- 1

सबसे पहले एक पका हुआ केला लें और उसमें दूध डालकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। अब एक बाउल में आटा, सूजी, सौंफ और ब्लेंड किया केला डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अगर बैटर गाढ़ा लग रहा है तो इसमें हल्का पानी डाल सकते हैं।

छेना मालपुआ

सामग्री

  • मैदा- 3/4 कप
  • सूजी- 1/4 कप
  • इलायची पाउडर- 1 चम्मच
  • सौंफ- 1 चम्मच
  • पनीर- 120 ग्राम
  • दूध- 1/2 कप

इस बैटर को बनाने के लिए मैदा, सूजी, इलायची पाउडर और सौंफ को डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब मिक्सर में पनीर और दूध को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इसे मैदा के मिश्रण में डाल दें और अच्छी तरह मिक्स कर लें।

आटा मालपुआ

सामग्री

  • आटा- 1 कप
  • सूजी – 4 चम्मच
  • इलायची पाउडर – 1 चम्मच
  • सौंफ- 1 चम्मच
  • चीनी- चुटकी भर
  • दूध- 1 कप

बैटर तैयार करने के लिए एक बाउल में आटा, सूजी, इलायची पाउडर, सौंफ, चीनी और दूध को डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अगर आपके पास दूध नहीं है, तो इसमें पानी भी डाला जा सकता है। इस बैटर को करीब 15 मिनट तक रख दें।

मालपुआ बनाने का तरीका

अब तैयार किए हुए बैटर को मीडियम गरम तेल में डालें। इस तरह सभी मालपुओं को तैयार कर लें। मालपुआ जब ब्राउन हो जाए तो इन्हें निकालकर चाशनी में डुबोएं। इस तरह बनाना, छेना और आटे से मालपुआ बनाकर तैयार कर लें। अब इन्हें आप गर्मागर्म सर्व करें।