बारिश के मौसम में रोजाना की भागदौड़ से त्वचा बेजान और चिपचिपी हो जाती है। ऐसे में फेस वॉश के बाद भी स्किन पर चमक नहीं आ पाती। जिसके लिए कई लोग महंगे फेशियल का सहारा लेते हैं। हालांकि हर किसी के पास पार्लर जाने या महंगा स्किन केयर कराने का समय और बजट नहीं होता है। ऐसे में घरेलू तरीकों की मदद से त्वचा का ध्यान रखा जा सकता है। हर किसी का स्किन टाइप अलग-अलग होता है। ऐसे में फेस पैक का इस्तेमाल करते समय पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या त्वचा से जुड़ी कोई समस्या है, एक्सपर्ट की सलाह पर इन घरेलू तरीकों को आजमाएं।

अगर आपकी स्किन बेजान और चिपचिपी नजर आ रही है, तो घर पर फेस पैक बना कर इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे चेहरे की खोई हुई चमक वापस आ सकती है। आइए इन फेस पैक को बनाने और लगाने का तरीका जानते हैं।

चावल का फेस पैक

चावल का आटा त्वचा के लिए फायदेमंद हो सकता है क्योंकि इससे स्किन नेचुरली एक्सफोलिएट होती है। यह फेस पैक त्वचा पर जमी डेड स्किन की परत को हटाकर चेहरे को मुलायम बनाने में मदद कर सकता है। बारिश के मौसम में अगर आपकी त्वचा बेजान और चिपचिपी लग रही है, तो इस फेस पैक को ट्राई कर सकते हैं।

कैसे बनाएं

इसके लिए 2 चम्मच चावल के आटे में 1 चम्मच दही या गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे करीब 10 से 15 मिनट तक चेहरे पर लगाएं। इसके बाद पानी से चेहरे को साफ कर लें। यह स्किन से अतिरिक्त तेल को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।

आलू फेस पैक

आलू हर घर में मिल जाता है, जो सब्जी बनाने से लेकर स्किन केयर में भी मदद कर सकता है। इससे चेहरा साफ और फ्रेश नजर आ सकता है। साथ ही त्वचा को चमकदार बनाने में भी मदद कर सकता है। इस फेस पैक को आप हफ्ते में एक बार इस्तेमाल कर सकती हैं।

फेस पैक बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए 1 चम्मच आलू के रस में 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी या बेसन को मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इसे चेहरे पर करीब 10 मिनट लगाकर रखें और फिर चेहरे को सामान्य पानी से धो लें। इससे त्वचा साफ दिख सकती है और डलनेस भी कम करने में मदद मिल सकती है।

Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”