Navratri Vrat Recipes: नवरात्रि का त्योहार हिंदू धर्म में बहुत ही खास महत्व रखता है। इस दौरान नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और व्रत रखा जाता है। कुछ लोग नवरात्रि के पहले और आखिरी दिन व्रत रखते हैं, तो कुछ पूरे नौ दिनों तक व्रत रखते हैं। इस दौरान शरीर को ऊर्जा की काफी जरूरत होती है। अगर आप भी नवरात्रि के दौरान व्रत रख रहे हैं, तो हर बार की तरह खिचड़ी, कुट्टे के आटे की पूरी, आलू का हलवा या साबूदाने की खीर नहीं खाना चाहते हैं? तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। हम आपको ऐसी ही कुछ रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो खाने में स्वादिष्ट होंगी और सेहत के लिए भी फायदेमंद होंगी। इन रेसिपी को आप आसानी से कम समय में बना सकते हैं।
नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो गई हैं। इसका समापन 20 अक्टूबर को होगा। इस दौरान अगर आप व्रत रख रहे हैं, तो यहां बताई गई खास रेसिपी को ट्राई कर सकती हैं। जिसे बड़े ही नहीं बल्कि बच्चे भी बड़े चाव से खाना चाहेंगे। आइए जानते हैं इनकी रेसिपी के बारे में।
मखाना चाट
सामग्री
मखाने- 1 कप
घी- 1 चम्मच
हरी मिर्च- 2
मूंगफली- 1 कुप
हरा धनिया- आधा कप
दही- 2 कप
सेंधा नमक- स्वादानुसार
अनार के दाने- जरूरत के अनुसार
बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को एक पैन में ड्राई रोस्ट कर लें। जब ये क्रिस्पी हो जाएं, तो इन्हें एक बाउल में निकाल लें। अब पैन में घी डालकर गरम होने दें। इसमें हरी मिर्च, मूंगफली और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह पकाएं। अब इस सामग्री को थोड़ा ठंडा होने दें ताकि इसे पीसने में आसानी हो। इसे मिक्सर में डालकर पीस लें। एक बाउल लें और इसमें इस मिश्रण को डाल दें। ऊपर से भुना हुआ मखाना और दही डाल दें। हल्का सेंधा नमक मिलाएं और इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसे गार्निश करने के लिए अनार के दाने और हरा धनिया डाल सकते हैं। इस तरह आपका स्वादिष्ट और हेल्दी मखाना चाट तैयार हो जाएगा।
ड्राई फ्रूट्स मिल्कशेक
सामग्री
दूध- 2 कप
केला- 1
काजू- आधा कटोरी
मखाना- आधा कटोरी
बादाम- 4-5
किशमिश- जरूरत के अनुसार
खजूर- 4
पिस्ता- आधा कटोरी
केसर
बनाने का तरीका
अगर नवरात्रि व्रत के दौरान कुछ मीठा खाने का मन हो रहा है, तो ड्राई फ्रूट्स शेक बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए एक बाउल में मखाना, काजू, किशमिश और खजूर को दूध में भिगोकर कुछ देर के लिए रख दें। अब इसे मिक्सर में केला और दूध डालकर अच्छी तरह पीस लें। अगर आप कम मीठा खाते हैं, तो इसमें चीनी डालने की जरूरत नहीं होगी। इसे गिलास में निकाल लें और ऊपर से केसर और पिस्ता के टुकड़ों को डालें। इस तरह आप कम समय में स्वादिष्ट मिल्कशेक तैयार कर सकते हैं।
