Gardening Tips: कई सारे फूल ऐसे होते हैं जो अपनी खूबसूरती के साथ-साथ खुशबू की वजह से भी पसंद किए जाते हैं। मोगरा भी इन्हीं पौधों में से एक है। जिसे कई लोग अपने घर की बालकनी, गार्डन या छत पर लगाना पसंद करते हैं। हालांकि कई बार इसकी अच्छी ग्रोथ के बावजूद भी पौधे में फूल नहीं आते हैं या फिर कलियां बहुत कम बनती हैं। इसके पीछे धूप, पानी, पोषक तत्वों की कमी या देखभाल से जुड़ी गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं। अगर आपके घर में भी मोगरे का पौधा लगा है और इस तरह की समस्या आ रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान टिप्स की मदद से इस समस्या को दूर किया जा सकता है।

पौधे में फूल कम आने के कारण

बारिश के मौसम में धूप की कमी पौधों की ग्रोथ को प्रभावित कर सकती है। जिसकी वजह से फूल कम आने की समस्या हो सकती है। ऐसे में पौधों को उस जगह रखें जहां कम से कम 5-6 घंटे की धूप मिल सके। कई बार मोगरे में नई शाखाओं पर ही फूल आते हैं। ऐसे में पुरानी शाखाओं की समय-समय पर कटाई करें। इससे नई शाखाओं पर फूल आने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा ध्यान रखें कि पौधे में पानी जमा हो रहा है, तो बंद ड्रेनेज होल को साफ करें।

प्याज के छिलके का खाद

अगर मोगरे का पौधा हरा-भरा है और उसमें कलियां नहीं आ रही हैं, तो इसके लिए आप घर पर बनी लिक्विड खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं। किचन में इस्तेमाल होने वाली प्याज के छिलकों को फेंकने के बजाय इकट्ठा करें और इसमें पानी भरकर 1-2 दिन के लिए रख दें। अब इस पानी को छानकर हर15-20 दिन बाद पौधों की जड़ों में डालें। इससे पौधे को पोटेशियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व मिलेंगे, इससे कलियां बनने में मदद मिलसकती है।

चायपत्ती का इस्तेमाल

मोगरे के पौधे में फूल लाने के लिए चायपत्ती की खाद एक अच्छा उपाय साबित हो सकता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले इस्तेमाल की गई चायपत्ती को धोकर अच्छी तरह से धूप में सुखा लें। अब हर 15-20 दिन में 2-3 चम्मच सूखी चायपत्ती को पौधे की मिट्टी में मिलाएं। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और पौधों की जड़ों का बेहतर विकास हो सकेगा।

इन तरीकों के अलावा मोगरे के पौधे को नियमित देखभाल, पर्याप्त पानी, धूप और संतुलित खाद की जरूरत होती है। जिससे कलियां और फूल आने में मदद मिल सकती है।