दक्षिण भारतीय भोजन अपने संतुलित स्वाद, पौष्टिक सामग्री और बनाने के पारंपरिक तरीकों के चलते विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। अधिकतर साउथ इंडियन फूड्स को बनाने में काफी कम तेल का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे ये अधिक सेहतमंद होते हैं। इन्हीं में से एक ‘पोरियल’ व्यंजन भी है, जो तमिलनाडु और केरल के कई हिस्सों में रोजाना खाए जाने वाले फूड्स में से एक है। यह ताजी सब्जियों से बनने वाली एक हल्की और स्वादिष्ट डिश है, जिसे आप लंच में ट्राई कर सकते हैं।
पोरियल में कम मसालों का हल्का तड़का लगाया जाता है और ऊपर से ताजा नारियल डालते हैं। इसे चावल, सांभर, रस्म या फिर चपाती के साथ सर्व किया जाता है। इसमें बीन्स, पत्तागोभी, गाजर, चुकंदर और कच्चा केले या अन्य मौसमी सब्जियों से तैयार किया जाता है, जो इसे हेल्दी बनाती हैं। इसे बनाना भी काफी आसान है। आप घर पर ही काफी कम समय में झटपट पोरियल तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
साउथ इंडियन पोरियल बनाने के लिए सामग्री
250 ग्राम फ्रेंच बीन्स, बारीक कटी हुई
1 बड़ा चम्मच नारियल तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 छोटा चम्मच उड़द दाल
1 छोटा चम्मच चना दाल
2 सूखी लाल मिर्च
8-10 करी पत्ते
2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
नमक स्वादानुसार
3 बड़े चम्मच ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल
2 बड़े चम्मच पानी
पोरियल बनाने की आसान विधि
सबसे पहले बीन्स को अच्छी तरह धोकर उसके दोनों सिरे काट दें। अब बीन्स को छोटे-छोटे और बराबर आकार के टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक पैन में नारियल तेल गर्म करें और इसमें राई डाल कर उसे चटकने दें।
राई चटकने के बाद उसमें उड़द दाल और चना दाल डालकर सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद सूखी लाल मिर्च, करी पत्ते और हरी मिर्च डाल दें। अब कटी हुई बीन्स, हल्दी पाउडर और नमक डालकर सभी को अच्छी तरह मिक्स तक लें।
बीन्स के ऊपर 2 बड़े चम्मच पानी छिड़कें और पैन को ढक दें। धीमी आंच पर इसे 8-10 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें। जब बीन्स अच्छी तरह पक जाएं, तब इसमें ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर हल्के हाथों से मिलाएं और 1 मिनट तक और पकने दें। अब आपकी पोरियल तैयार है, इसे आप गरमागरम सर्व कर सकते हैं।
Also Read
रात की बची दाल से बनाएं कुरकुरी टिक्की, मिनटों में हो सकती है तैयार
