रुगड़ा झारखंड की पारंपरिक डिश है, जिसे स्थानीय लोग बड़े चाव से खाते हैं। इसे आमतौर पर जंगली मशरूम के रूप में जाना जाता है। हालांकि, यह सिर्फ बरसात के मौसम में ही उगता है। रुगड़ा की बनावट दूसरी आम मसरूम किस्मों से अलग होती है। झारखंड के कई आदिवासी समुदायों के पारंपरिक भोजन में रुगड़ा का भी महत्वपूर्ण स्थान है। झारखंड में रुगड़ा की खासकर करी वाली सब्जी ज्यादा प्रचलित है। आइए जानते हैं किस तरह बनाते हैं रुगड़ा की सब्जी और कौन-कौन सी चीजें डाली जाती हैं।
रुगड़ा की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
500 ग्राम रुगड़ा
2 मध्यम आकार के बारीक कटे प्याज
2 मध्यम आकार के बारीक कटे टमाटर
1 इंच अदरक का टुकड़ा
5-6 लहसुन की कलियां
2 हरी मिर्च
3-4 बड़े चम्मच सरसों का तेल
आधा चम्मच हल्दी
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1.5 चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच जीरा
आधा चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
1 तेजपत्ता
पानी जरूरत के अनुसार
सजाने के लिए धनिया
कैसे बनाएं रुगड़ा की सब्जी
सबसे पहले रुगड़ा को अच्छी तरह पानी से साफ कर लें। चिपकी हुई मिट्टी को हाथ या साफ ब्रश की मदद से हटाएं। इसके बाद रुगड़ा को पानी में कुछ देर भिगोकर फिर से धो लें। अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें थोड़ा नमक डाल दें।
गर्म पानी में रुगड़ा डालकर कुछ मिनट तक उबालें। इसके बाद इसे पानी से निकाल कर अलग रख दें। इससे अतिरिक्त मिट्टी और गंदगी निकलने में मदद मिलती है। अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर जीरा और तेजपत्ता डालें। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें।
अब इसमें कुटा हुआ अदरक-लहसुन और हरी मिर्च डालकर कुछ देर भूनें। इसके बाद टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक टमाटर नरम होकर मसाले के साथ अच्छी तरह मिल न जाए। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसाले को धीमी आंच पर भून लें।
जरूरत के अनुसार 1-2 चम्मच पानी डालें, ताकि मसाला जले नहीं। तेल अलग होने तक मसाला भून लें। अब उबला हुआ रुगड़ा कड़ाही में डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं। करीब 5-7 मिनट तक भूनें, ताकि मसालों का स्वाद रुगड़ा में अच्छी तरह समा जाए। अगर आपको करी वाली सब्जी पसंद है तो इसमें थोड़ा गर्म पानी डालकर धीमी आंच पर करीब 8-10 मिनट तक पका लें। ध्यान रखें, पकाते वक्त इसे ढककर रखना हैं। अंत में गरम मसाला डालकर 1-2 मिनट और पका लें।
अब ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गरमागरम रुगड़ा की सब्जी को चावल और रोटी के साथ परोस सकते हैं।
डिस्क्लेमर: रुगड़ा एक जंगली खाद्य फंगस है, जिसकी पहचान और खाद्य सुरक्षा बेहद जरूरी है। इसे हमेशा विश्वसनीय स्रोत से ही खरीदना चाहिए और बिना सही पहचान के जंगल से मिले किसी भी अज्ञात मशरूम या फंगस का सेवन न करें। इसे पकाने से पहले अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: दिनभर की थकान के बाद डिनर की टेंशन खत्म, ये हैं 3 झटपट तैयार होने वाली रेसिपीज
