Dal Pakora Recipe: बारिश के मौसम में गरमागरम चाय के साथ पकोड़े खाने का अपना अलग मजा है। आमतौर पर घरों में बेसन के घोल में प्याज, आलू, हरी मिर्च, पालक, पनीर, ब्रेड मिलाकर पकोड़े बनाए जाते हैं। लेकिन अगर आप इस बार कुछ नया और अलग स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो दाल से पकोड़े एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। ये एक स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प हो सकते हैं। अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और अलग बनाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इन्हें बनाने की आसान रेसिपी।
मिक्स दाल पकोड़े
अगर आप बेसन, आलू या प्याज के पकोड़े खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए दाल एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। इसके लिए सभी दालों को एक बाउल में करीब 5-6 घंटे के लिए भिगोकर रखें। अब भीगी हुई दालों का पेस्ट तैयार कर लें और इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब पकोड़े तलने के लिए कड़ाही में तेल गर्म करें और इन्हें एक-एक करके डालें। पकोड़े सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं, तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। इस तरह आप मिक्स दाल के स्वादिष्ट पकोड़े घर पर बना सकते हैं।
चना दाल पकोड़े
प्रोटीन से भरपूर दाल हर कोई अपनी डाइट में शामिल करना चाहता है। ऐसे में आप इसके पकोड़े भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए चना दाल को रातभर भिगोकर रखें। अब इसे मिक्सर में डालकर पीस लें। इसमें बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, अदरक लहसुन का पेस्ट, बारीक कटा हरा धनिया, नमक, जीरा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण से पकोड़े तैयार कर लें। इन्हें आप हरी चटनी, लाल मिर्च की चटनी या खट्टी-मीठी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

मूंग दाल पकोड़े
मूंग दाल बहुत ही स्वादिष्ट और फायदेमंद मानी जाती है। इससे आप कुरकुरे और टेस्टी पकोड़े बना सकते हैं। इसके लिए मूंग दाल को सबसे पहले करीब 6-7 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें। अब दाल को पीस लें और बाउल में निकाल लें। इसमें जीरा पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक, प्याज, हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण को गर्म तेल में डालकर पकोड़े तलें। इसे आप बारिश के मौसम में चाय के साथ मजे से खा सकते हैं।
