Dessert Recipe: हलवे का नाम लेते ही दिमाग में रवा (सूजी), आटा, लौकी या गाजर का ख्याल आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा हलवा भी है जिसे रवा, गाजर या आटे से नहीं बल्कि ब्रेड से बनाया जाता है। यही वजह है कि इसे ब्रेड हलवा कहा जाता है। यह हलवा स्वाद में लाजवाब होता है। इसे आप डेजर्ट, त्योहारों या खास मौकों पर बना सकते हैं। स्वादिष्ट ब्रेड के हलवे को आप सफेद ब्रेड या गेहूं की ब्रेड (ब्राउन ब्रेड) से बना सकते हैं। मीठा खाने की क्रेविंग या बच्चों की फरमाइशों को पूरा करने के लिए ब्रेड हलवा बेहतरीन रेसिपी साबित हो सकती है।

अगर आप एक ही तरह का हलवा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया और अलग ट्राई कर सकते हैं। ब्रेड हलवे की इस खास रेसिपी को शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। जिसे आप आसानी से घर पर ट्राई कर सकते हैं। शेफ कुणाल के अनुसार भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान यह रेसिपी मजबूरी में इजाद हुई थी। उस समय शरणार्थी शिविरों में लोगों को दूध, घी और चीनी मिलती थी। जिससे लोगों ने हलवा बनाया।

सामग्री

ब्रेड स्लाइस – 6-7
घी – 3 चम्मच
पानी – 1¼ कप
दूध – ½ कप
चीनी – ½ कप
इलायची पाउडर – ½ चम्मच
पिस्ता – 2 चम्मच
बादाम – 2 चम्मच
काजू – 2 चम्मच
घी – 1 चम्मच

बनाने का तरीका

सबसे पहले ताजी ब्राउन ब्रेड के 6-7 स्लाइस को तोड़कर मिक्सर में डालकर पीस लें। ब्रेड क्रम्ब्स तैयार करने के बाद इसे भूनना है। इसके लिए एक पैन में देसी घी डालकर ब्रेड क्रम्ब्स को भून लें। इससे अच्छा रंग आएगा और ये कुरकुरे हो जाएंगे। ध्यान रखें कि इसे हल्की आंच पर भूनें। अब ब्रेड क्रम्ब्स को प्लेट में निकाल लें। अब उसी पैन में पानी, चीनी और दूध डालकर पकाएं। ध्यान रहे कि इसे ज्यादा नहीं पकाना है। जब चीनी घुल जाए तो इसमें भुने हुए ब्रेड क्रम्ब्स को डालें। इसे धीमी आंच पर से पकने दें। इसे गाढ़ा होने तक पकाएं और गैस बंद कर दें। अब इसमें इलायची पाउडर,काजू, पिस्ता, बादाम और घी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।

इस तरह स्वादिष्ट ब्रेड हलवा तैयार हो जाएगा। जिसे आप खाने के बाद डेजर्ट में सर्व कर सकते हैं। अगर घर पर मेहमान आ रहे हैं, तो इस हलवे को झटपट बनाकर तैयार कर सकते हैं।