Pakode Naram Hone se Kaise Roke: बरसात के मौसम में गर्मागर्म चाय और साथ में कुरकुरे पकोड़े स्वाद को दोगुना कर देते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की हल्की भूख तक ज्यादातर लोग इस मौसम में पकोड़े खाना पसंद करते हैं। हालांकि पकोड़े जब कड़ाही से निकाले जाते हैं, तो ये कुरकुरे और स्वादिष्ट लगते हैं। लेकिन कुछ ही देर बाद ये नरम हो जाते हैं, जिसकी वजह से उन्हें खाने का मन नहीं करता है। ऐसे में कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप पकोड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी रख सकते हैं।

बारिश के मौसम में पकोड़ों को जल्दी नरम होने या सीलने से बचाने के लिए यहां बताए गए ट्रिक्स की मदद ले सकते हैं। इन ट्रिक्स की जानकारी मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। जिसकी मदद से पकोड़ों को क्रिस्पी और क्रंची बनाया जा सकता है।

सब्जियों को पतला काटें

आलू, बैंगन, पालक, प्याज या अन्य सब्जियों के पकोड़े बनाने के लिए उन्हें पतला-पतला काटना जरूरी है। इससे पकोड़े क्रिस्पी बने रहते हैं क्योंकि मोटी सब्जियों में नमी ज्यादा रहती है। अगर आप आलू के पकोड़े बना रहे हैं, तो आलू की स्लाइस को पतला रखें। पालक के पकोड़े बनाने के लिए पहले उसे अच्छी तरह से पानी की मदद से धो लें और फिर उन्हें सुखा लें।

वहीं प्याज के पकोड़ों के लिए आपको बैटर में अलग से पानी की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए प्याज को एक बाउल में लें और उसमें नमक डालकर करीब 10 मिनट के लिए रख दें। इससे प्याज पानी छोड़ेगा और उसी से बैटर तैयार हो जाएगा।

बेसन के साथ मिलाएं चावल का आटा

पकोड़ों का बैटर बनाने के लिए सिर्फ बेसन का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी वजह से ये जल्दी नरम हो जाते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में पकोड़ों को लंबे समय तक क्रिस्पी बनाए रखने के लिए बैटर में बेसन के साथ थोड़ा-सा चावल का आटा भी मिलाएं। अगर आप 1 कप बेसन ले रहे हैं, तो उसमें 2 चम्मच चावल का आटा मिला सकते हैं। ध्यान रखें अगर चावल का आटा ज्यादा मिलाएंगे, तो पकोड़े हार्ड हो सकते हैं। पकोड़े के लिए बैटर को न ज्यादा पतला करें और न ही ज्यादा गाढ़ा।

पकोड़ा कुरकुरा बनाने के लिए मिलाएं बेकिंग सोडा

पकोड़े बनाने के लिए बैटर में अजवाइन, जीरा, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद बैटर में सिर्फ एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इससे पकोड़ों का स्वाद बढ़ सकता है और ये जल्दी नरम नहीं होते हैं।

बैटर में मिलाएं गर्म तेल

पकोड़ों को हल्का और क्रिस्पी बनाने के लिए बैटर में थोड़ा-सा गर्म तेल मिला सकते हैं। अब बैटर से पकोड़े बनाने की तैयारी करें। इसके लिए कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें। इन्हें मध्यम आंच पर डीप फ्राई करें और करीब 30 सेकंड तक बिल्कुल मूव न करें। इससे कोटिंग टूटने का डर रहता है।

डबल फ्राई कर सकते हैं पकोड़े

पकोड़ों को ज्यादा क्रिस्पी करना चाहते हैं, तो इन्हें डबल फ्राई कर सकते हैं। तले हुए पकोड़ों को करीब 30 से 40 सेकंड तक दोबारा फ्राई कर सकते हैं। इससे नमी कम हो जाती है और पकोड़े जल्दी नरम नहीं होते।