अक्सर लोग बालों, चेहरे और हाथों की देखभाल पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन पैरों को नजरअंदाज कर देते हैं। खासकर त्योहारों के मौसम में जब पहनावे और लुक पर खास ध्यान दिया जाता है, तो ऐसे में फटी और रूखी एड़ियां परेशानी का कारण बन सकती हैं। पैरों की त्वचा का ख्याल रखना सिर्फ खूबसूरती के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि यह सेहत और साफ-सफाई से भी जुड़ा है। अगर फटी हुई एड़ियों की सही से देखभाल न की जाए तो ज्यादा दरारें पड़ने से दर्द, जलन और संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।

हालांकि, पैरों की नियमित सफाई, मॉइस्चराइजिंग और स्क्रबिंग से एड़ियों को काफी हद तक मुलायम और साफ रखा जा सकता है। इसके लिए कुछ आसान घरेलू उपाय भी अपनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर मौजूद चीजों की मदद से पैरों की सफाई और स्क्रबिंग कैसे करें।

गुनगुने पानी में भिगोए पैर

पैरों की सही से देखभाल और हल्की फटी एड़ियों से छुटकारा पाने के लिए गुनगुने पानी में कुछ चीजें मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी लें और इसमें थोड़ा एप्सम सॉल्ट, शैंपू की कुछ बूंदें और ओटमील या चीनी डालें। इसमें पैरों को 10 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें। एप्सम सॉल्ट त्वचा की मृत कोशिकाओं को हटाने और रक्त प्रवाह बेहतर करने में मदद कर सकता है। वहीं, ओटमील त्वचा को आराम देने और नमी बनाए रखने में मदद करता है। चीनी त्वचा को मुलायम बनाने में मदद कर सकती है।

स्क्रब करने का तरीका

पैरों को पानी में भिगोने के बाद प्यूमिस स्टोन या फुट फाइल की मदद से पैरों को हल्के हाथों से गोलाकार तरीके से रगड़ते हुए स्क्रब करें। अगर पैरों में बहुत ज्यादा मोटी और सख्त त्वचा है तो लैक्टिक एसिड या ग्लाइकोलिक एसिड वाले फुट क्रीम या बाम का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे मृत त्वचा को हटने में मदद मिल सकती है।

मॉइस्चराइज करने के लिए लगाएं ये चीजें

स्क्रब करने के बाद पैरों को तौलिए से पोंछकर अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद एड़ियों पर मॉइस्चराइजर लगा लें। आप चाहें तो नारियल तेल, शहद या एलोवेरा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा रातभर सूती मोजे पहनकर सोने से मॉइस्चराइजर को त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

नियमित देखभाल का तरीका

पैरों को पानी में भिगोने और स्क्रब करने का यह तरीका सप्ताह में एक या दो बार अपनाया जा सकता है। पैरों को जरूरत से ज्यादा स्क्रब न करें। ऐसा करने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।

पैरों की सही तरीके से सफाई, हल्का स्क्रब और नियमित मॉइस्चराइजिंग करने से एड़ियों का रूखापन कम करने और उन्हें मुलायम बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी तरह का बदलाव या घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले एक बार अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

यह भी पढ़ें
त्वचा को अंदर से दे पोषण, ग्लोइंग स्किन के लिए घर पर बनाएं चॉकलेट फेस मास्क