गर्मियों में आम खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है। आमतौर पर लोग पके हुए आम का शेक, आमरस या आइसक्रीम बनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी आम से बनी रसभरी मिठाई ट्राई की है? अगर नहीं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल नई और खास है। सिर्फ 3 पके हुए आम से आप एक ऐसी स्वादिष्ट मिठाई तैयार कर सकते हैं, जो देखने में गुलाब जामुन जैसी और स्वाद में उससे भी ज्यादा लाजवाब लगती है। इस मिठाई की खास बात यह है कि इसमें आम की प्राकृतिक मिठास और खुशबू भरपूर रहती है। चाशनी में डूबे ये मुलायम बॉल्स खाने में बेहद जूसी और रसीले लगते हैं।

सामग्री

3 पके हुए आम (लगभग 1½ कप पल्प), ½ कप बारीक सूजी, ½ कप कॉर्न स्टार्च, 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर, 4 छोटी इलायची, 2 बड़े चम्मच घी, तलने के लिए तेल, चाशनी के लिए, ½ कप चीनी, 1 कप पानी, 2 छोटी इलायची, और एक चुटकी ऑरेंज फूड कलर (ऑप्शनल)

बनाने की विधि

Mango Dessert Recipe
आम को छिलका उतारकर मोटे कद्दूकस से घिस लें। (Gemini Generated Image)

स्टेप 1: आम का पल्प तैयार करें
सबसे पहले आमों को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद छिलका उतारकर मोटे कद्दूकस से घिस लें। गुठली अलग कर दें और पल्प को माप लें। इस रेसिपी के लिए लगभग 1½ कप आम का पल्प चाहिए।

Ripe Mango Sweet
सभी चीजों को लगातार चलाते हुए पकाएं जब तक मिश्रण आटे जैसी स्थिरता में न आ जाए। (Gemini Generated Image)

स्टेप 2: मिश्रण तैयार करें
एक कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें सूजी डालकर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट तक भूनें। जब सूजी हल्की सुनहरी हो जाए तो उसमें कॉर्न स्टार्च डालें और 2 मिनट तक भूनें। अब इसमें आम का पल्प, मिल्क पाउडर और कुटी हुई इलायची डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं। लगभग 4 से 5 मिनट में मिश्रण गाढ़ा होकर आटे जैसा (डो) बन जाएगा।

स्टेप 3: मिश्रण को सेट करें
तैयार मिश्रण को घी लगी प्लेट में निकालें और 5 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मिश्रण को अच्छी तरह मसल लें ताकि यह चिकना हो जाए।

स्टेप 4: चाशनी बनाएं
एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। चीनी घुलने के बाद इलायची और फूड कलर डालें। इसे 3 से 4 मिनट तक पकाएं। ध्यान रखें कि एक तार की चाशनी नहीं बनानी है, केवल हल्की चिपचिपी चाशनी तैयार करनी है।

Mango Gulab Jamun
हाथों में थोड़ा घी लगाकर मिश्रण को अच्छी तरह मसलें और छोटे-छोटे चिकने बॉल्स बना लें। (Gemini Generated Image)

स्टेप 5: बॉल्स तैयार करें
मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाएं। ध्यान रखें कि गोले छोटे रखें क्योंकि तलने और चाशनी में डालने के बाद उनका आकार बढ़ जाएगा।

Indian Mango Dessert
तैयार बॉल्स को सुनहरा होने तक तल लें। (Gemini Generated Image)

स्टेप 6: तलें और चाशनी में डालें
मध्यम गर्म तेल में तैयार बॉल्स को सुनहरा होने तक तलें। फिर इन्हें सीधे तैयार चाशनी में डाल दें।

स्टेप 7: सर्व करने के लिए तैयार
तले हुए बॉल्स को कम से कम 1 घंटे तक चाशनी में डूबा रहने दें। इस दौरान वे चाशनी को अच्छी तरह सोख लेंगे और आकार में लगभग दोगुने हो जाएंगे।

तैयार है आम की रसभरी मिठाई

Homemade Mango Sweets
तले हुए बॉल्स को गर्म चाशनी में डाल दें और कम से कम 1 घंटे तक छोड़ दें। (Gemini Generated Image)

एक घंटे बाद ये आम वाले जूसी बॉल्स पूरी तरह चाशनी से भर जाएंगे। इसका स्वाद गुलाब जामुन और रसगुल्ले से बिल्कुल अलग और बेहद खास होता है। अगर आप आम से कुछ नया और अनोखा बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।

टिप्स

मिठाई के लिए अच्छी तरह पके और मीठे आम चुनें। बॉल्स बनाते समय मिश्रण को अच्छी तरह चिकना कर लें, इससे तलते समय दरारें नहीं पड़ेंगी। तेल बहुत ज्यादा गर्म न करें, वरना बॉल्स बाहर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह सकते हैं। अधिक स्वाद के लिए चाशनी में केसर या गुलाब जल भी मिला सकते हैं।

Also Read
भूख, सूखे और अकाल के दौर में बने ये 8 भारतीय व्यंजन, आज हैं लोगों की पहली पसंद, जानें इनके पीछे की रोचक कहानी