ट्रेन के लंबे सफर के दौरान वॉशरूम जाना पड़ जाए, तो क्या आप भी यही सोचते हैं कि कहां हाथ लगाएं और क्या छूने से बचें? दरवाजे की कुंडी, टैप, फ्लश जैसी चीजों को छूते समय मन में थोड़ी झिझक तो होती ही है। ट्रेन के वॉशरूम का इस्तेमाल कई लोग करते हैं, इसलिए यह डर होना स्वाभाविक है। लेकिन एक और चीज है जिस पर ध्यान देना बेहद जरूरी है—वॉशरूम से निकलने के बाद हाथों की सफाई।

हम ट्रेन में टॉयलेट इस्तेमाल करने के बाद हाथ तो धो लेते हैं, लेकिन उसी हाथ से दरवाजा खोलते हैं, फोन उठाते हैं और वापस सीट पर जाकर कुछ न कुछ छूना या खाना-पीना शुरू कर देते हैं। यानी सफाई का सबसे जरूरी हिस्सा ही बीच में छूट जाता है। अगर आप अक्सर ट्रेन से लंबा सफर करते हैं, तो वॉशरूम से जुड़ी कुछ छोटी-छोटी बातें आपके बहुत काम आ सकती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ट्रेन में सफर के दौरान किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए, बैग में क्या रखना बेहतर है और पीरियड्स के दौरान सफर कर रही महिलाओं को किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए, आइए जानें इसके बारे में।

वॉशरूम से निकलने के बाद हाथ अच्छी तरह धोएं

वॉशरूम इस्तेमाल करने के बाद हाथ धोना सबसे जरूरी है। अगर साबुन और बहता हुआ पानी उपलब्ध है तो करीब 20 सेकंड तक हाथ धोने की कोशिश करें। हथेलियों के साथ हाथों की पीछे वाली सतह, उंगलियों के बीच और नाखूनों के आसपास भी अच्छी तरह साफ करें।

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में ग्लीनईगल्स हॉस्पिटल, परेल की फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. आरती उल्लाल ने बताया कि साबुन और बहते पानी से हाथ धोना कीटाणुओं को हटाने के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है।

हाथ धोने के बाद संभव हो तो साफ टिश्यू या पेपर की मदद से दरवाजा खोलें। अगर आपको दरवाजे या किसी दूसरी सतह को सीधे छूना पड़ जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है। असली सावधानी इस बात की है कि गंदे हाथों से आंख, नाक या मुंह न छूएं और खाने से पहले हाथ साफ जरूर करें।

सफर पर निकलते समय छोटा हाइजीन किट साथ रखें

ट्रेन के वॉशरूम में हर जरूरी चीज उपलब्ध मिले, यह जरूरी नहीं है। इसलिए सफर से पहले एक छोटा-सा पाउच तैयार करके जाएं। इसमें हैंड सैनिटाइजर, लिक्विड साबुन या सोप स्ट्रिप्स, टिश्यू या टॉयलेट पेपर, वेट वाइप्स, कुछ डिसइंफेक्टेंट वाइप्स और इस्तेमाल किए गए टिश्यू या कचरे के लिए डिस्पोजेबल बैग रख सकते हैं।

अगर हाथों पर दिखाई देने वाली गंदगी नहीं है और साबुन-पानी उपलब्ध नहीं है, तो कम से कम 60 प्रतिशत अल्कोहल वाला हैंड सैनिटाइजर इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर हाथ बहुत गंदे हैं तो सिर्फ सैनिटाइजर से कुछ नहीं होगा। तब साबुन और पानी की ही जरूरत होगी।

घबराने की जरूरत नहीं

ट्रेन के वॉशरूम में टैप, दरवाजे की कुंडी या दूसरी बार-बार छुई जाने वाली जगहों पर कीटाणु हो सकते हैं। लेकिन किसी सतह को छू लेने भर से यह तय नहीं होता कि आप बीमार पड़ जाएंगे। बेहतर तरीका यह है कि गैरजरूरी चीजों को छूने से बचें और वॉशरूम इस्तेमाल करने के बाद हाथ साफ करें। अगर आपको सुविधा महसूस होती है तो टैप या कुंडी को टिश्यू की मदद से इस्तेमाल कर सकते हैं। अपना फोन या कोई भी सामान वॉशरूम में ले जाने से बचें।

पीरियड्स में ट्रेन से सफर कर रही हैं तो पहले से तैयारी रखें

पीरियड्स के दौरान ट्रेन से सफर करना मुश्किल नहीं है, बस थोड़ी तैयारी पहले से कर लेना जरूरी है। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में मदरहुड हॉस्पिटल्स, नोएडा की कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पावना एचएन ने बताया कि सफर के दौरान पीरियड प्रोडक्ट्स साथ रखना जरूरी है।

जितने समय की यात्रा है, उसके हिसाब से पैड, टैम्पोन या दूसरे इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट्स के साथ कुछ अतिरिक्त भी रखें। पैड को आमतौर पर 4 से 6 घंटे में या जरूरत के अनुसार इससे पहले बदलना चाहिए। टैम्पोन और मेंस्ट्रुअल कप को उनके इस्तेमाल से जुड़े निर्देशों के मुताबिक बदलें या खाली करें।

प्रोडक्ट बदलने से पहले और बाद में हाथ साफ करें। इस्तेमाल किए गए डिस्पोजेबल पीरियड प्रोडक्ट को ठीक से लपेटकर डस्टबिन में डालें। पैड को ट्रेन के टॉयलेट में फ्लश न करें, क्योंकि इससे टॉयलेट सिस्टम ब्लॉक हो सकता है।

पीरियड्स के लिए अलग छोटा पाउच बनाकर उसमें अतिरिक्त पैड या अन्य जरूरी प्रोडक्ट, टिश्यू, सैनिटाइजर, वेट वाइप्स, डिस्पोजेबल बैग और जरूरत पड़ने पर अंडरगारमेंट्स की एक अतिरिक्त जोड़ी रख सकती हैं।

प्राइवेट पार्ट की सफाई के लिए बहुत ज्यादा खुशबू वाले प्रोडक्ट या तेज केमिकल वाले साबुन इस्तेमाल करने से भी बचना बेहतर है, क्योंकि इससे जलन हो सकती है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल पब्लिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या व्यक्तिगत सलाह के लिए अपने डॉक्टर से संपर्क करें।