हम सभी के साथ कभी न कभी ऐसा मौका जरूर आता है जब हमें लंबी ट्रेन जर्नी करनी होती है। जब भी लंबे ट्रेन सफर के लिए निकलना होता है तो टेंशन होती है कि रास्ते में खाने के लिए क्या लेकर जाएं। बाहर का खाना हर किसी को पसंद नहीं आता और घर का खाना साथ हो तो सफर भी आराम से कटता है।
वहीं अगर 10-12 घंटे की जर्नी होने वाली हो तो हमें ऐसा खाना ले जाना जरूरी है जो जल्दी खराब न हो और सफर के दौरान आसानी से खाया भी जा सके। ऐसे में यहां 5 ऐसी चीजों के बारे में बताया गया है जो जल्दी खराब नहीं होती हैं और आप उन्हें ट्रेन में लेकर जा सकते हैं।
मेथी या सत्तू के पराठे
आप ट्रेन में सफर के लिए मेथी या सत्तू के पराठे लेकर जा सकते हैं। इन्हें बनाते समय प्याज, पनीर या दही जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजें न डालें। मेथी या सत्तू के पराठे बनाकर अच्छी तरह ठंडा करें और फिर पैक करें। साथ में अचार रखा जा सकता है।
थेपला
थेपला लंबी यात्रा के लिए काफी अच्छा विकल्प माना जाता है। इसमें नमी कम होती है और यह आसानी से पैक हो जाता है। इसे छोटे-छोटे हिस्सों में पेपर या फूड-ग्रेड पैकिंग में रखें। अचार या सूखी चटनी के साथ खा सकते हैं।
लेमन राइस
अगर आपको खाने के लिए थोड़ा भरपेट विकल्प चाहिए तो लेमन राइस ले जा सकते हैं। इसमें नींबू, करी पत्ता, सरसों और भुनी मूंगफली का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इसे भी बहुत लंबे समय तक बाहर रखने के बजाय सफर के शुरुआती घंटों में खाना बेहतर रहेगा।
भुना चना, मखाना और चिवड़ा
अगर आप ऐसा खाना चाहते हैं जिसे खराब होने की चिंता कम हो, तो भुना चना, मखाना, मूंगफली वाला चिवड़ा या नमकीन सबसे आसान विकल्प हैं। इनमें नमी कम होती है और इन्हें अलग-अलग छोटे पैकेट में रखा जा सकता है।
सूखी आलू की सब्जी और पूरी
सफर में पूरी-सूखी सब्जी का कॉम्बिनेशन काफी काम आता है। बस सब्जी बनाते समय पानी बहुत कम रखें और उसे अच्छी तरह पकाकर ठंडा होने के बाद ही पैक करें। इसमें ग्रेवी या ज्यादा नमी वाली सब्जी की जगह सूखी आलू की भुजिया बेहतर रहेगी।
