गर्मियों से लेकर बरसात के मौसम तक में मिलने वाला करौंदा अपने पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है। यह मुख्य रूप से विटामिन सी, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। करौंदा अपने खट्टे और चटपटे स्वाद की वजह से खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। करौंदे से आप कई सारी स्वादिष्ट डिश तैयार कर सकते हैं, जिसमें से एक अचार भी है। गांव में आज भी पारंपरिक देसी तरीके से करौंदे का अचार बनाया जाता है। इसमें इस्तेमाल होने वाले मसालों का खास मिश्रण इसे अनोखा और लाजवाब स्वाद देता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। आइए जानते हैं देसी स्टाइल में करौंदा का अचार कैसे बनाएं।

करौंदे का अचार बनाने के लिए सामग्री

500 ग्राम ताजा और सख्त करौंदे
2 बड़े चम्मच राई का दरदरा पाउडर
1 बड़ा चम्मच सौंफ (दरदरी कुटी हुई)
1 छोटा चम्मच मेथी दाना (हल्का भूनकर दरदरा कुटा हुआ)
1 छोटा चम्मच कलौंजी
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 से 2 छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
1 छोटा चम्मच कश्मीर लाल मिर्च (वैकल्पिक)
2 छोटा चम्मच नमक या स्वादानुसार
1/4 छोटा चम्मच देसी हींग (बेहतर स्वाद और पाचन के लिए)
150- से 200 ग्राम सरसों का तेज

करौंदे का अचार बनाने की आसान विधि

सबसे पहले करौंदों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें या फिर थोड़ी देर धूप में सुखा लें। इसमें नमी बिल्कुल भी नहीं रहनी चाहिए। अब हर करौंदे पर हल्का सा चीरा लगा दें या कांटे से 2-3 जगह गोद दें। ऐसा करने से मसाले करौंदों के अंदर तक अच्छी तरह पहुंच जाते हैं।

अब एक कड़ही में सरसों का तेल अच्छी तरह धुआं उठने तक गर्म कर लें। इसके बाद गैस बंद कर दें और तेल को हल्का गुनगुना होने दें। इससे तेल की कच्ची महक खत्म हो जाती है और अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है।

इसके बाद एक बड़े बर्तन में राई, सौंफ, मेथी, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और नमक डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब इसमें करौंदे डालें और सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद गुनगुना सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दें, ताकि हर करौंदा मसालों और तेल से पूरी तरह मिल जाए।

आपका अचार तैयार है। अब इसे एक साफ कांच के जार में भर कर रख दें। जार को 2 से 3 दिनों तक धूप में जरूर रखें। इसके साथ ही दिन में एक बार सूखे चम्मच से अचार को हल्का सा ऊपर से नीचे की तरह मिलाते रहें, ताकि मसाले और तेल अच्छी तरह मिलते रहें। लगभग 4 से 5 दिनों में करौंदे नरम होने लगते हैं।

Also Read
एक तरह का ओट्स खाकर हो गए हैं बोर, तो ट्राई करें ये 3 तरह की रेसिपीज