उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फटी जींस वाले बयान पर सियासी घमासान मच गया है। लोग सोशल मीडिया पर रावत के बयान की आलोचना कर रहे हैं। इसी बीच उनकी पत्नी रश्मि त्यागी ने उनका बचाव किया है। उन्होंने कहा, “समाज और देश के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अभूतपूर्व है। यह हमारी देश की महिलाओं की जिम्मेदारी है कि वे हमारी सांस्कृतिक और विरासत को बचाएं, हमारी पहचान को बचाएं, हमारी वेशभूषा को बचाएं.”
मिस मेरठ रह चुकी हैं रश्मि? उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की पत्नी रश्मि रावत मिस मेरठ रह चुकी हैं। मेरठ के कैलाश पुरी इलाके में रहने वाली रश्मि त्यागी ने 9 दिसंबर 1998 को तीरथ सिंह रावत से शादी रचाई थी। बता दें कि रश्मि शुरुआत से ही विद्यार्थी परिषद से जुड़ी हुई थीं। फिलहाल रश्मि त्यागी एक सामाजिक कार्यकर्ता, मनोवैज्ञानिक, शोधकर्ता और लेखक के रूप में काम कर रही हैं।
सीसीएसयू से की है पढ़ाई: तीरथ सिंह रावत की पत्नी रश्मि रावत ने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में एम.फिल और पीएचडी की। ग्रेजुएशन के दौरान रश्मि त्यागी रावत राजनीति में सक्रिय हो गई थीं। छात्र नेता के तौर पर उन्होंने कॉलेज के चुनावों में हिस्सा लिया। इसी दौरान मॉडलिंग में भी उनकी रूचि बढ़ी, जिसके बाद उन्होंने मिस मेरठ का खिताब जीता।
लड़ चुकी हैं छात्रसंघ का चुनाव: 1994 में रश्मि त्यागी रावत ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से प्रेसीडेंट का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव हार गई थीं। इसके बाद उन्होंने जॉइंट सेक्रेटरी का भी चुनाव लड़ा, उसमें भी हार गई थीं। बता दें कि रश्मि ने सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर सुरभि परिवार एनजीओ में भी काम किया है।
फिलहाल रश्मि त्यागी देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में मनोविज्ञान की प्रोफेसर हैं। बता दें कि रश्मि के दादा वेद प्रकाश त्यागी स्वतंत्रता सेनानी थे और आजादी की लड़ाई में करीब 52 बार जेल गए थे। रश्मि के अंकल अशोक त्यागी के मुताबिक वेद प्रकाश त्यागी अपने इलाके में मिनी गांधी के नाम से प्रसिद्ध थे।