Gende ke Paudhe ki Dekhbhal kaise Karen: बगीचे में खिलते हुए रंग-बिरंगे फूलों के पौधे हर किसी को पसंद होते हैं। यही वजह है कि ज्यादातर लोग फूलों के पौधे बालकनी, गार्डन, छत या गमलों में लगाते हैं। गेंदे के पौधे भी इनमें से एक हैं, जिन्हें आसानी से घर पर लगाया जा सकता है और उनकी खुशबू भी माहौल को खुशनुमा बना देती है। लेकिन कई बार मौसम में बदलाव, पर्याप्त देखभाल की कमी या धूप की कमी की वजह से पौधे मुरझा जाते हैं। इससे गार्डन की रौनक चली जाती है और कुछ दिनों बाद पौधे पूरी तरह सूख सकते हैं।
अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या रहती है, तो ऐसे में सही देखभाल मुरझाए हुए गेंदे के पौधों को दोबारा हरा-भरा कर सकती हैं। आइए जानते हैं उन आसान टिप्स के बारे में जो गेंदे के पौधे की देखभाल में मदद कर सकती है।
क्यों मुरझा जाते हैं गेंदे के पौधे?
कई बार गेंदे के पौधे की पत्तियां अचानक से मुरझाने लगती हैं। ऐसा फंगस की वजह से हो सकता है। इसके अलावा पौधे में जरूरत से ज्यादा पानी का भराव, पानी की कमी, मिट्टी में पानी का सही प्रवाह न होना या कीटों का हमला पौधे के अचानक मुरझाने की वजह हो सकती हैं।

देखभाल के तरीके
- फंगस और कीटों से बचाने के लिए समय-समय पर पौधे की पत्तियों को पानी से धोएं। इससे पत्तियां फंगल संक्रमण और कीटों के प्रकोप से बच सकती हैं।
- बारिश के मौसम में कई बार ज्यादा पानी भरने की वजह से भी पौधा मुरझा सकता है। ऐसे में पर्याप्त ड्रैनेज की व्यवस्था रखें जिससे पानी आसानी से निकल सके।
- अगर पौधे को पर्याप्त मात्रा में धूप नहीं मिल रही है, तो इससे भी पौधे की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। पौधे को ऐसी जगह पर रखें जहां सूरज की रोशनी आती हो।
- पौधे की मिट्टी को समय-समय पर गुड़ाई की आवश्यकता होती है। जिससे पौधे की जड़ें अच्छे से विकसित हो पाती हैं।
- पौधे के आसपास साफ-सफाई रखना जरूरी है। क्योंकि सड़ी हुई पत्तियां और मुरझाए फूल मिट्टी की नमी के संपर्क में आकर फंगस का जल्दी शिकार हो सकते हैं।
- गेंदे के पौधों को प्लास्टिक की जगह मिट्टी या सीमेंट के गमले में लगाएं, जिससे पौधा लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है।
