बारिश के मौसम में कई बार अलमारी में रखे कपड़ों से सीलन की बदबू आने लगती है। यह मानसून के समय होने वाली एक आम समस्या है। हवा में बढ़ती नमी, उमस, दीवारों की सीलन और कमरे में हवा का पर्याप्त प्रवाह न होना इसकी कुछ वजह हो सकती हैं। ऐसे में कपड़ों में नमी और बदबू आने लगती है, जिससे उन्हें दोबारा पहनने का मन नहीं करता। अगर आप भी इस तरह की समस्या से परेशान हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखते हुए अलमारी की नमी और कपड़ों से सीलन की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अलमारी में सीलन बढ़ने की वजह

मानसून में बारिश की वजह से हवा में नमी बढ़ जाती है, जिसकी वजह से अलमारी में रखे कपड़ों से सीलन की बदबू आने लगती है। इसके अलावा कमरे में उमस और हवा की कमी से भी सीलन की समस्या हो सकती है।

अखबार या सूती कपड़ा बिछाएं

अलमारी के शेल्फ के नीचे नमी को सोखने के लिए सूती कपड़ा या अखबार बिछा सकते हैं। इससे कपड़ों से सीलन की बदबू कम हो सकती है और कपड़े भी सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।

सफाई पर दें ध्यान

कपड़ों से सीलन की बदबू को बचाने के लिए समय-समय पर अलमारी की सफाई करें। साथ ही गंदे कपड़ों को अलमारी में रखने से बचना चाहिए। इससे बाकी के कपड़ों में बदबू फैल सकती है।

अलमारी को दीवार से सटाकर रखना

जगह को बचाने के लिए हम कई बार अलमारी को दीवार से चिपकाकर रख देते हैं। जिसकी वजह से दीवार की नमी या सीलन का असर अलमारी के अंदर भी पड़ सकता है। ऐसे में अलमारी को दीवार से कुछ दूरी पर रखें।

गीले कपड़े अलमारी में न रखें

बारिश के मौसम में कई बार कपड़े धोने के बाद जल्दी नहीं सूखते हैं। ऐसे में कई लोग इन्हें पूरी तरह सूखने से पहले ही अलमारी में रख देते हैं, जिसकी वजह से कपड़ों में सीलन हो सकती है। इसलिए कपड़ों को पूरी तरह सूखने के बाद ही अलमारी में रखें।

कपड़ों को ठूंसकर न रखें

कई बार आलस में हम कपड़े धोने के बाद अलमारी में यूं ही ठूंसकर रख देते हैं। जिसकी वजह से कपड़ों के बीच जगह नहीं रहती और हवा का संचार सही से नहीं हो पाता। ऐसे में आप व्यवस्थित तरीके से कपड़ों के बीच थोड़ी दूरी बनाकर रख सकते हैं।

घरेलू तरीके अपनाएं

अलमारी में नमी को कम करने के लिए कपड़ों के बीच सिलिका जेल पाउच, बेकिंग सोडा या चॉक के कुछ टुकड़े रख सकते हैं। इससे नमी कम करने में मदद मिल सकती है और बदबू भी कम हो सकती है।

मानसून में बढ़ती नमी की वजह से अलमारी और कपड़ों में सीलन की समस्या हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान आदतों जैसे अलमारी को सूखा रखना, गीले कपड़े न रखना और नमी सोखने वाले उपाय अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।