Tips to Prevent Soap From Melting: जब भी हम नहाने या कपड़े धोने का साबुन का इस्तेमाल करते हैं तो ये बाथरूम में रखने पर कुछ ही दिनों में गल जाते हैं। हालांकि साबुन गलने का कारण सिर्फ क्वालिटी नहीं बल्कि अन्य चीजें भी हो सकती हैं। ज्यादा नमी, रखने का तरीका और पानी की वजह से कई बार नया और महंगा साबुन भी गलकर टूट जाता है। अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या रहती है तो इसके लिए कुछ टिप्स की मदद ली जा सकती है। जिसकी मदद से आप अपने साबुन को गलने से रोक सकते हैं।
गलत साबुनदानी का इस्तेमाल
कई बार हम गलत साबुनदानी का इस्तेमाल करते हैं जिसकी वजह से साबुन इस्तेमाल करने के बाद पानी बाहर नहीं निकल पाता है और जल्दी गल जाता है। इस समस्या से बचने के लिए ग्रिल या छेद वाली साबुनदानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे पानी अंदर जमा नहीं होगा और साबुन जल्दी सूख जाएगा।
साबुनदानी को साफ रखें
अगर साबुन जल्दी गल जाता है तो इसका एक कारण गंदी साबुनदानी भी हो सकती है। ऐसे में इसे साफ रखें जिससे साबुन का पर्याप्त हवा मिलती रहे, जिससे साबुन जल्दी गलेगा नहीं।
रखने का सही तरीका
नहाने या कपड़े धोने का साबुन अक्सर लोग बाथरूम में जमीन पर रखकर छोड़ देते हैं। जिससे बाथरूम की नमी साबुन को गीला रखती है और ये जल्दी गल जाते हैं। ऐसे में साबुन को बाथरूम के बाहर या किसी ऊंची जगह पर रखें। इससे साबुन नमी कम सोखेगा और जल्दी सूख जाएगा।
लकड़ी की साबुनदानी
ज्यादातर लोग प्लास्टिक की साबुनदानी में साबुन रखते हैं जिसमें अक्सर पानी जमा हो जाता है। इससे बचने के लिए आप लकड़ी की साबुनदानी का इस्तेमाल कर सकते हैं जो पानी सोख लेते हैं। इससे साबुन जल्दी नहीं गलेगा।
इस्तेमाल करने का तरीका
असाबुन इस्तेमाल करने का गलत तरीका भी इसे जल्दी गला सकता है। ऐसे में इस्तेमाल करने के बाद साबुन को पानी से धोकर सूखी जगह रखें। इसके अलावा साबुन को शावर के नीचे या पानी के संपर्क से थोड़ा दूरी पर रखें।
साबुन गलना एक आम समस्या है लेकिन थोड़ी सावधानी और सही तरीके से इस्तेमाल करना, इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकता है। साबुन इस्तेमाल करने और रखने का सही तरीका इसकी लाइफ को बढ़ा सकता है।
