Vrat Ki Roti: कई लोग नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक व्रत रखते हैं। ऐसे में साबूदाने की खिचड़ी, मखाने की खीर, उबले हुए आलू और मूंगफली के अलावा सिंघाड़े, समा और कुट्टू के आटे का सेवन भी किया जाता है। इससे तरह-तरह की चीजें बनाई जाती हैं। कई लोग कुट्टू के आटे की पूरी या रोटी बनाते हैं। इस दौरान ज्यादातर लोगों को शिकायत रहती है कि रोटी बेलते समय फट जाती है। इसके पीछे कई छोटी-बड़ी गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं।
इस साल नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 (रविवार) से हो रही है। इसका समापन 20 अक्टूबर दशहरा के दिन होगा। इस दौरान कई लोग नौ दिनों तक व्रत व उपवास रखते हैं। व्रत के समय कुट्टू का आटा खाना फायदेमंद माना जाता है। इससे पूरी, पराठा, चीला, पकौड़े और रोटी भी बनाई जाती है। हालांकि कुट्टू के आटे की रोटी को बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। लेकिन कुछ टिप्स की मदद से आप इसे आसानी से बना सकते हैं।
फटने का कारण
कुट्टू के आटे की रोटी या पूरी कई बार फट जाती है, जिसके पीछे का मुख्य कारण ग्लूटेन है। इस आटे में ग्लूटेन नहीं होता है, जिसकी वजह से आटा आपस में अच्छी तरह बंध नहीं पाता। ग्लूटेन की कमी के अलावा ठंडे पानी का इस्तेमाल, बहुत ज्यादा सख्त आटा या आटे को गूंथकर देर तक छोड़ देना भी इसकी वजह हो सकती है।
अगर आप व्रत में कुट्टू के आटे की रोटी बनाते हैं और वह बार-बार फट जाती है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। दरअसल शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कुट्टू के आटे की मुलायम और फूली हुई रोटी बनाने का तरीका शेयर किया है। जिसकी मदद से आप आसानी से इसे बना सकते हैं।
कुट्टू के आटे की रोटी बनाने का तरीका
सबसे पहले दो कप पानी को एक बर्तन में डालकर उबाल लें। इसमें आधा चम्मच सेंधा नमक मिलाएं। अब इसमें एक चम्मच देसी घी डालें। अब पानी में उबाल आने दें। जब पानी उबलने लगे तो गैस बंद कर दें। अब इसमें दो कप कुट्टू का आटा डालें और अच्छी तरह चम्मच की मदद से मिक्स करें। ताकि आटा अच्छी तरह पानी सोख ले। जब यह गाढ़ा हो जाए तो इसे ढककर करीब 5 मिनट के लिए रख दें। आटे को प्लेट में निकाल लें। हाथों पर हल्का घी लगाकर आटा गूंथ लें। इस तरह सॉफ्ट आटा तैयार हो जाएगा। इसे मलमल के कपड़े से ढक दें।
अब आटे के छोटे-छोटे पेड़े बनाकर उन्हें गोल करें। इसे कुट्टू के सूखे आटे में लपेट लें। अब पतली रोटी की तरह ही इसे बेल लें। ध्यान रखें कि इसके ऊपर बार-बार कुट्टू का सूखा आटा लगाएं। धीरे-धीरे इसे बेल लें। अब इसे गरम तवे पर डाल दें। एक तरफ पक जाए तो इसे पलट दें। इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इसी तरह बाकी की रोटियां भी तैयार कर लें। इस तरह आप व्रत के लिए सॉफ्ट और फूली हुई रोटी बना सकते हैं। इसके ऊपर घी लगाकर सर्व कर सकते हैं।
