दिनभर की थकान को दूर करने के लिए मुलायम तकिए पर सिर रखकर सोना एक अलग ही सुकून देता है। लेकिन अगर तकिया बिल्कुल पिचका या चपटा हो, तो आराम नहीं मिलता। महीनों या सालों तक रोज इस्तेमाल करने की वजह से एक समय बाद मुलायम, महंगा और अच्छा तकिया भी दबकर पिचक जाता है। जिसे इस्तेमाल करने का मन नहीं करता। हालांकि आप अपने पुराने पिचके हुए तकिए को दोबारा नरम और फूला हुआ बना सकते हैं।

अगर आपके घर में भी चपटा या पिचका हुआ तकिया है, तो उसे हटाने की जरूरत नहीं है। यहां बताए गए कुछ आसान तरीकों की मदद से आप तकिए को सॉफ्ट और फूला हुआ बना सकते हैं।

क्यों पिचक जाते हैं तकिए

जब तकिए की रुई पुरानी हो जाती है, तो वह दब जाती है। जिसकी वजह से तकिए पिचक जाता है और उसमें गांठ पड़ जाती है। रोजाना रात और दिन में तकिए पर पड़ने वाला दबाव, गर्मी, नमी और तेल की वजह से तकिए में भरी रुई दब जाती है। रुई के गुच्छे आपस में चिपक सकते हैं। वहीं पंखों वाले तकिए समय के साथ मुड़ने और टूटने की वजह से पिचक सकते हैं। यही वजह है कि तकिए धीरे-धीरे अपनी सॉफ्टनेस को खोने लगते हैं।

ड्रायर का इस्तेमाल करना

तकिए को दोबारा फूला हुआ बनाने के लिए ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह एक असरदार तरीका साबित हो सकता है। इसके लिए दो से तीन साफ टेनिस बॉल्स को अलग-अलग मोजों में रखें और उसमें गांठ लगा दें। जिससे गेंद बाहर न निकले। अब इन्हें तकिए के साथ ड्रायर में डालकर करीब 15 से 20 मिनट तक ड्रायर चलाएं। अब तकिए को बाहर निकालें और हाथों से उसमें बने दबे हुए या चिपके हुए गुच्छों को अलग कर लें। ड्रायर के अंदर तकिए के लगातार घूमने की वजह से उसके अंदर भरी रुई ढीली हो सकती है। साथ ही बॉल्स तकिए के अंदर गुच्छों को अलग करने में मदद कर सकती है। इससे तकिए काफी हद तक पहले की तुलना में फूला हुआ नजर आ सकता है। मेमोरी फोम, लेटेक्स या बकव्हीट से बने तकियों को ड्रायर में न डालें।

धूप में बाहर रखें

तकिए को दोबारा फूला हुआ बनाने के लिए उसे धूप और ताजी हवा में रख सकते हैं। अगर तकिए पर कवर लगा है, तो उसे हटा दें। इसके बाद तकिए को करीब 2-4 घंटे की सीधी धूप में रखें। बीच में एक बार इसे पलट दें। धूप की वजह से अंदर की नमी सूख जाएगी और अंदर रुई के भराव को अलग होकर फैलने में मदद मिल सकेगी। अगर तकिए मेमोरी फेम और लेटेक्स के हैं, तो उन्हें छायादार और हवादार जगह पर रखना बेहतर होगा।

तकिए की मसाज करें

अगर तकिया बहुत ज्यादा पिचका हुआ नहीं है तो उसकी हल्की मसाज करके ठीक किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले तकिए को जमीन पर रखें। दोनों हाथों से तकिए के अंदर भरे हुए मटेरियल या रुई को दबाएं। किनारों से शुरू करते हुए धीरे-धीरे बीच की तरफ जाएं। जहां भी रुई ज्यादा दबी हुई है वहीं उंगलियों की मदद से उसे अलग करें। इसके बाद तकिए को सीधा खड़ा करके अच्छी तरह झटक दें। इससे अंदर भराव दोबारा समान रूप से फैल सकता है।

धोकर अच्छी तरह सुखाएं

फेदर और पॉलिएस्टर से बने तकिए को धोकर वापस फूला हुआ बनाया जा सकता है। ऐसा करने से तकिए में जमा पसीने और तेल की परत साफ हो जाती है जिसकी वजह से भराव दोबारा बेहतर तरीके से फैल सकता है। तकिए को धोने और सुखाने से पहले हमेशा केयर टैग पर दिए निर्देश को जरूर पढ़ें। तकिए को बहुत ज्यादा गर्म पानी से धोने से बचें। इससे तकिया सिकुड़ सकता है और अंदर के मटेरियल को भी नुकसान पहुंच सकता है। तकिए को धोने के बाद उसे हाथों से फुलाएं और कहीं गुच्छे बन रहे हैं, तो उन्हें अलग करें। तकिए को पूरी तरह सूखा लें। ताकि अंदर नमी न रह जाए। इससे फफूंद, सीलन और बदबू की समस्या हो सकती है।

Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”