Monsoon Skincare Tips: गर्मी से राहत दिलाने वाला मौसम मानसून कई लोगों को पसंद होता है। हालांकि इस मौसम में त्वचा से जुड़ी कई समस्याएं भी हो सकती हैं। हवा में बढ़ती नमी और बार-बार आने वाले पसीने की वजह से चेहरे पर अतिरिक्त तेल और गंदगी जमा हो सकती है। ऐसे में पोर्स बंद होने लगते हैं और पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है। खासतौर पर ऑयली स्किन वाले लोगों को इस मौसम में त्वचा की ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है। मानसून के दौरान त्वचा का ध्यान रखने और पिंपल्स की समस्या से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
मानसून में पिंपल्स बढ़ने का कारण
मानसून के दौरान हवा में नमी का स्तर बढ़ जाता है, जिसकी वजह से त्वचा पर अतिरिक्त तेल और पसीना जमा होने लगता है। जब यह तेल धूल-मिट्टी और गंदगी के साथ मिल जाता है, तो त्वचा के पोर्स बंद हो सकते हैं। जिस वजह से पिंपल्स और एक्ने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा चेहरे को बार-बार छूना, गंदा तौलिया इस्तेमाल करना, तकिए का कवर न बदलना और त्वचा की नियमित देखभाल न करना भी पिंपल्स की समस्या बढ़ा सकते हैं।
चेहरा साफ रखें
जब भी हम घर से बाहर निकलते हैं तो धूल, पसीना और अतिरिक्त तेल त्वचा पर जमा हो सकता है। ऐसे में कम से कम दिन में दो बार फेसवॉश से चेहरे को साफ करें। चेहरे को धोने से त्वचा पर मौजूद अतिरिक्त तेल साफ हो सकता है और पिंपल्स को दूर रखने में भी मदद मिल सकती है।
त्वचा को बार-बार छूना
कई लोग चेहरे को बार-बार छूते हैं जिसकी वजह से पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में चेहरे को छूने से पहले हाथों को साफ रखें और बिना वजह चेहरे को बार-बार छूने से भी बचना चाहिए। त्वचा पर रैशेज या अन्य समस्या हो रही है तो एक्सपर्ट की सलाह से ही क्रीम या अन्य प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें।
सही मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल
अगर आपकी स्किन ज्यादा ऑयली है तो नॉन ऑयली मॉइश्चराइजर लगाना बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इससे बारिश के मौसम में भी त्वचा की नमी बनी रहती है और चिपचिपाहट भी नहीं होती। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो डॉक्टर की सलाह पर ही सही मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें।
मेकअप साफ करके सोएं
मानसून के मौसम में चेहरे पर सीबम का उत्पादन बढ़ जाता है जिसकी वजह से पिंपल्स की समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है। ऐसे में चेहरे को साफ रखना जरूरी है। अगर आप मेकअप का इस्तेमाल करती हैं तो रात को सोने से पहले इसे जरूर हटाएं। इससे त्वचा साफ, स्वस्थ और निखरी हुई दिख सकती है।
चेहरे पर अगर पिंपल्स निकल आए हैं तो उन्हें छूने, दबाने या फोड़ने से बचना चाहिए। ऐसा करने से त्वचा पर दाग पड़ सकते हैं और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
देखभाल करने का तरीका
मानसून में त्वचा की देखभाल के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती बल्कि सही देखभाल, सफाई, स्किन केयर और हेल्दी लाइफस्टाइल की मदद से चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग बनाए रखा जा सकता है। अगर पिंपल्स की समस्या ज्यादा बढ़ रही है तो घरेलू उपाय की बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर हो सकता है।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें। अगर आपको मुंहासे या त्वचा की कोई अन्य समस्या है, तो आपको पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए और परामर्श के बाद ही अपनी त्वचा की देखभाल की दिनचर्या में बदलाव करना चाहिए।
