बैंगन का इस्तेमाल सब्जी, चोखा और भर्ता जैसी कई स्वादिष्ट डिश बनाने में किया जाता है। बाजार में गोल, लंबे, छोटे और धारीदार जैसे कई तरह के बैंगन आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन अक्सर सबसे बड़ी समस्या तब सामने आती है, जब बैंगन काटने पर अंदर से कीड़े निकल आते हैं या फिर उसमें जरूरत से ज्यादा बीज होते हैं। ऐसे में बैंगन का स्वाद भी अच्छा नहीं होता है और मजबूरन उसे फेंकना पड़ जाता है, जिससे पैसे और समय दोनों खराब होते हैं।

हालांकि, अगर आप कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, तो बिना काटे ही बैंगन की क्वालिटी का अंदाजा लगाया जा सकता है। बैंगन की बाहरी बनावट, रंग, वजन और डंठल देखकर यह समझा जा सकता है कि उसमें कीड़े हैं या ज्यादा बीज हैं। आइए जानते हैं बाजार से बैंगन खरीदते वक्त किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

सबसे पहले जानते हैं अधिक बीज वाले बैंगन की पहचान कैसे करें

1- वजन
बैंगन के वजन से पता लगा सकते हैं कि बीज ज्यादा है या कम। उसके आकार को देखकर उसका वजन चेक करें। हल्का बैंगन कम बीजों वाला और ज्यादा गूदेदार होता है, जबकि भारी बैंगन अधिक बीजों वाला हो सकता है। साथ ही यह पका भी हो सकता है।

2- दबाकर करें पता
बैंगन को हाथ से हल्का दबाने पर अगर वह वापस अपने आकार में आए जाए, तो वह कम बीज वाला हो सकता है। अगर पत्थर जैसा सख्त महसूस हो रहा है तो उसे खरीदने से बचना चाहिए।

3- निचले हिस्से से करें जांच
बैंगन के निचले हिस्से के जरिए भी अधिक बीजों का पता लगा सकते हैं। निचले हिस्से पर, जहां फूल लगा होता है, अगर गोल निशान है तो उसमें बीज ज्यादा हो सकता है। वहीं, लंबा या सीधा निशान वाले बैंगन में बीज कम होते हैं।

4- रंग और चमक
ताजा बैंगन हमेशा चमकदार और गहरे बैंगनी रंग का होता है। ऐसे बैंगन में बीज भी कम होते हैं। वहीं, झुर्रियों वाले या फीके बैंगन कई दिन पुराने हो सकते हैं और उसमें बीज अधिक हो सकते हैं।

बैंगन को बिना काटे कीड़े का पता कैसे करें

1- छेद या दाग
अगर बैंगन में छोटे-छोटे छेद, काले दाग या सुई जैसे निशान नजर आ रहे हैं तो, उसके अंदर कीड़ा हो सकता है। अक्सर कीड़े बैंगन के छिलके में छोटा सा छेद करके अंदर चले जाते हैं। ऐसा बैंगन बाहर से तो सही दिखता है लेकिन अंदर से खराब होता है।

2- डंठल का रंग
अगर बैंगन का डंठल पीला, सूखा या मुरझाया हुआ है, तो उसमें कीड़ा लगने की संभावना अधिक होती है। ताजा बैंगन का डंठल हमेशा मजबूत और हरा रहता है।

3- दबाकर देखें
अगर बैंगन को दबाने पर बहुत ज्यादा नरम या अंदर से खोखला महसूस हो रहा है, तो उसमें अंदर कीड़े हो सकते हैं। सामान्य बैंगन दबाने पर थोड़ा सख्त महसूस होता है और तुरंत अपने आकार में वापस आ जाता है।

4- पानी से करें जांच
अगर आपने बैंगन खरीद लिया है तो ऐसे में घर पर पानी के जरिए चेक कर सकते हैं कि उसमें कीड़ा है या नहीं। एक बाल्टी में पानी डालकर उसमें 15-20 मिनट के लिए बैंगन डाल दें। अगर अंदर कीड़ा होगा, तो वह पानी में नजर आ सकता है।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

Also Read
गर्मियों में ताजा बैंगन खाने के लिए बालकनी में लगाएं पौधा, इन आसान तरीकों से करें देखभाल