किचन की साफ-सफाई का ख्याल हर कोई रखता है। यही वजह है कि सिर्फ कैबिनेट ही नहीं बल्कि डिब्बों को भी समय-समय पर साफ किया जाता है। हालांकि कई बार ऑफिस, त्योहारों की तैयारियों और अन्य कारणों की वजह से हम नियमित रूप से चीजों को साफ नहीं रख पाते हैं। जिसकी वजह से डिब्बों के ऊपर धूल-मिट्टी, मसालों और नमी की वजह से चिपचिपाहट महसूस होने लगती है। धूल-मिट्टी और गंदगी आसानी से साफ हो जाती है, लेकिन तेल की चिकनाई आसानी से नहीं जाती। दरअसल हम बात कर रहे हैं किचन में रोजाना इस्तेमाल होने वाली तेल के बोतल की।
ज्यादातर घरों में तेल को कांच या प्लास्टिक की बोतल में रखा जाता है, ताकि इसे इस्तेमाल करने में आसानी हो। इसे अंग्रेजी में ऑयल डिस्पेंसर कहा जाता है। बार-बार इस्तेमाल की वजह से यह काफी चिकनी हो जाती है, जिसे पानी या साबुन से साफ करने पर भी ज्यादा असर नहीं दिखता है। अगर आपके किचन में रखी बोतल भी चिपचिपी और गंदी दिख रही है, तो इसे साफ करने के लिए आसान हैक अपनाया जा सकता है। जिसकी मदद से तेल की बोतल को साफ और चमकदार बनाया जा सकता है।
साफ करने का तरीका
बेकिंग सोडा- 1 चम्मच
लिक्विड डिशवॉश- 1 चम्मच
गरम पानी- थोड़ा-सा
सबसे पहले एक बाउल में बेकिंग सोडा और लिक्विड डिशवॉश मिलाएं। अब इसमें थोड़ा-सा गरम पानी डालें और गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो। अब इस पेस्ट को तेल की बोतल के ऊपर चारों तरफ अच्छी तरह लगाएं। इसे करीब 2 से 3 मिनट तक ऐसे ही रहने दें। अब स्पंज की मदद से बोतल को साफ करें। इस तरह बोतल की चिकनाई दूर हो जाएगी। अब सूखे कपड़े की मदद से बोतल को पोछ लें। यह तरीका बोतल पर जमी चिपचिपाहट को दूर कर सकता है और उसे साफ कर सकता है। तेल की बोतल को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह सूखा लें। अगर बोतल गीली रहेगी तो दोबारा उसके ऊपर धूल-मिट्टी और मसाले चिपक सकते हैं। इसलिए अच्छी तरह सुखाने के बाद ही बोतल को दोबारा इस्तेमाल करें।
अगर तेल की बोतल को अंदर से भी साफ करना चाहती हैं, तो इसके लिए यही तरीका अपनाया जा सकता है। इस दौरान घोल को थोड़ा पतला रखें ताकि कोनों तक जमी चिकनाहट दूर हो सके। इसके बाद अंदर गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह बोतल को साफ कर लें। दोबारा इस्तेमाल करने से पहले इसे धूप में अच्छी तरह सुखा लें।
तेल की बोतल को कहां रखें
आमतौर पर तेल की बोतल को गैस या चूल्हे के पास रखा जाता है। यही वजह है कि तेल, मसालों और बारीक कण उसके ऊपर जल्दी चिपक सकती हैं। अगर आप बोतल को लंबे समय तक साफ रखना चाहते हैं, तो इसे कैबिनेट के अंदर रख सकती हैं। इसके अलावा हर इस्तेमाल के बाद तेल की बोतल को माइक्रोफाइबर कपड़े से पोछकर रखें। इस तरह तेल की चिपचिपाहट बोतल पर नहीं रहती और यह लंबे समय तक साफ बनी रह सकती है।
