महिलाएं शादी, त्योहार या खास मौकों पर खूबसूरत और महंगी साड़ियों को पहनना पसंद करती हैं। साड़ी के कुछ फैब्रिक बहुत ही नाजुक होते हैं, जो दिखने में बहुत सुंदर लगते हैं। लेकिन इनका खास ख्याल रखना पड़ता है। सिल्क, जॉर्जेट और ऑर्गेंजा भी इसमें शामिल हैं। इन साड़ी को अच्छी तरह से पहनने के लिए प्लीट्स और पल्लू को सेफ्टी पिन से सेट किया जाता है। हालांकि कई बार आपने देखा होगा कि पल्लू पर जिस जगह सेफ्टी पिन लगी थी, वहां पर छोटे-छोटे छेद हो गए हैं। इन छेदों की वजह से साड़ी जल्दी फट सकती है और दिखने में भी यह अच्छे नहीं लगती।

अगर आप भी अपनी महंगी साड़ी को खराब होने से बचाना चाहती हैं, तो सेफ्टी पिन के छोटे-छोटे छेद को फिक्स कर सकती हैं। इससे साड़ी जल्दी खराब नहीं होगी। हम आपको ऐसे ही कुछ तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप इन छेदों को ठीक कर सकती हैं।

ट्रांसपेरेंट फैब्रिक पैच

सिल्क या महंगी साड़ी में दिख रहे छोटे छेद को सही करने के लिए ट्रांसपेरेंट फैब्रिक पैच मददगार साबित हो सकता है। फैब्रिक ग्लू की मदद से इसे साड़ी के पल्लू के पीछे वाले हिस्से में चिपकाएं, जहां पर छेद हैं। इस तरह छेद भी छिप जाएंगे और साड़ी भी सुरक्षित रह सकेगी।

फैब्रिक फ्यूजन टेप

फैब्रिक फ्यूजन टेप का इस्तेमाल बिना सुई-धागे या सिलाई मशीन के कपड़ों को चिपकाने के लिए किया जाता है। यह फटे कपड़ों या उनके छेद को सही करने में मदद कर सकता है। इस तरीके को अपनाने के लिए साड़ी के छेद वाले हिस्से पर इस टेप को लगाएं। इसे ऊपर से प्रेस कर दें ताकि टेप अच्छी तरह चिपक जाए। इससे साड़ी में मौजूद छेद बड़ा नहीं होगा।

हैंड डार्निंग

अगर आपकी साड़ी में सेफ्टी पिन से छेद हो गए हैं, तो इन्हें सही करने के लिए मैचिंग का धागा लें। अब अंदर की तरफ से छेदों को सुई की मदद से सिल लें। इस प्रक्रिया को हैंड डार्निंग या रफू भी कहा जाता है। ध्यान रखें कि यह तरीका मोटे फैब्रिक वाली साड़ियों पर अपनाएं। अगर आप ऑर्गेंजा फैब्रिक पर यह तरीका आजमाएंगी तो साड़ी खराब दिख सकती है।

साड़ी में छेद होने से कैसे रोकें?

महंगी साड़ी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसकी सही देखभाल जरूरी है। अगर आप सेफ्टी पिन से साड़ी का पल्लू सिक्योर कर रही हैं, तो इसमें पर्ल यानी मोती लगा सकती हैं। इससे साड़ी पर लगी पिन दिखने में भी अच्छी लगेगी और छेद भी बड़ा नहीं होगा। यह तरीका आप सिल्क या महंगी साड़ी पर अपना सकती हैं।

साड़ी को सेफ्टी पिन से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एक ही जगह पर बार-बार पिन इस्तेमाल करने से बचें। सेफ्टी पिन की जगह पल्लू को टिकाने के लिए ब्रोच पिन, साड़ी क्लिप या मैग्नेटिक पिन का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर आपको एक या दो छेद दिख रहे हैं, तो इसे पहले ही ठीक कर लें। अगर इन्हें जल्दी ठीक नहीं किया जाएगा, तो छेद ज्यादा बड़े हो सकते हैं। इसके अलावा साड़ी से पिन को जल्दबाजी में निकालने से बचें। ऐसा करने से साड़ी खराब हो सकती है।