त्योहारों का समय चल रहा है। अभी से घरों में दिवाली की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस दौरान घर की साफ-सफाई की जाती है, कई लोग दीवारों पर पेंट करवाते हैं और घर की बेकार और पुरानी चीजों को कबाड़ में बेच देते हैं। साफ-सफाई के दौरान सबसे ज्यादा समय किचन में लगता है। इस दौरान कई ऐसे पुराने डिब्बे निकलते हैं, जिनसे किचन का लुक बोरिंग और खराब लग सकता है। कुछ डिब्बों का पेंट निकल जाता है, तो कुछ पर खरौंच के निशान पड़ जाते हैं। इसके अलावा कई डिब्बे तेल, मसालों और चिकनाई से काले भी पड़ सकते हैं। इन डिब्बों को साफ करने के बाद भी निशान या खरौंच नहीं जाते। अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या है, तो किचन का मेकओवर करने या उसे सजाने के लिए महंगे डिब्बों का सेट खरीदने की जरूरत नहीं है।
दरअसल पुराने डिब्बों को ही कम बजट में आकर्षक और स्टाइलिश लुक दिया जा सकता है। इन्हें घर पर ही कुछ आसान चीजों की मदद से सजा सकते हैं, जिससे डिब्बे नए और क्रिएटिव नजर आ सकते हैं। जिसे देखने के बाद हर किसी की नजर आपकी किचन पर टिक सकती है।
जूट की रस्सी से करें सजावट
स्टील या प्लास्टिक के पुराने डिब्बे को नया और आकर्षक लुक देने के लिए जूट की रस्सी से सजावट बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अगर आपके घर में रस्सी नहीं है, तो यह मार्केट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आसानी से मिल जाएगी। इसके लिए सबसे पहले डिब्बे को गुनगुने पानी के साथ अच्छी तरह साफ कर लें। इसे अच्छी तरह सुखाने के बाद जूट की रस्सी को इसके ऊपर गोल-गोल लपेटकर आखिरी हिस्से को चिपकाएं। डिब्बों को रंग-बिरंगा दिखाना चाहती हैं, तो इसके ऊपर पेंट कर सकती हैं।
कपड़ा या पेपर से सजाएं डिब्बे
मसालों और दालों के लिए पुराने डिब्बों को सजाना चाहती हैं, तो पुराने कपड़े या पेपर का इस्तेमाल कर सकती हैं। रंग बिरंगे कार्टून या फूलों वाले पेपर को चिपका सकती हैं। ध्यान रखें कि डिब्बों को सजाने से पहले उन्हें अंदर और बाहर दोनों तरफ से अच्छी तरह साफ कर लें। क्योंकि सजावट के बाद सफाई करने से डिब्बे का लुक खराब हो सकता है। सबसे पहले कपड़े को डिब्बे के आकार से थोड़ा ज्यादा कट करें। अब चारों तरफ कपड़े को डिब्बे के ऊपर ग्लू की मदद से चिपकाएं। इसके ढक्कन को सजाने के लिए आप कपड़े के रंग का पेपर या स्टिकर ले सकती हैं। इसे और आकर्षक बनाने के लिए नीचे की तरफ लेस चिपकाएं और बीच में छोटे-छोटे मिरर को चिपकाया जा सकता है।
एक्रिलिक पेंट या वाशी टेप का इस्तेमाल
डिब्बों में स्क्रेज या पेंट निकलने की स्थिति में उन्हें बेकार समझ लिया जाता है। इससे किचन का लुक खराब होता है, जिसकी वजह से इन्हें हटा दिया जाता है। इसके अलावा जब भी हम कोई नया डिब्बा या कंटेनर खरीदते हैं, तो पुराने वाले को साइड में कर देते हैं। अगर आपके पास भी ऐसे ही प्लास्टिक या स्टील के डिब्बे हैं, तो इन्हें नया लुक दिया जा सकता है। इसके लिए एक्रिलिक पेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं। डिब्बे को पसंद के अनुसार रंग दें और जब यह सूख जाए, तो ऊपर से फूल-पत्तियों का डिजाइन बना सकते हैं।
इसके अलावा वाशी टेप का उपयोग भी किया जा सकता है। यह एक प्रकार का सजावटी, रंगीन और हल्का पेपर मास्किंग टेप होता है। इसका इस्तेमाल छोटे डिब्बों को सुंदर बनाने के लिए किया जा सकता है। पुराने डिब्बों को आसानी से नया लुक देने का यह बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
लेबल लगाएं और इस्तेमाल करें
डिब्बों को अपनी पसंद के अनुसार सजाने के बाद इनके ऊपर लेबलिंग की जा सकती है। हल्दी, नमक, चीनी या अन्य चीजों का नाम लिखकर संबंधित डिब्बे पर चिपका दें। इस तरह डिब्बों को खोजने में आसानी होती है और चीजें भी व्यवस्थित नजर आती हैं। इसके आप डिब्बों पर ढक्कन लगाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। जरूरी डिब्बों को किचन काउंटर के ऊपर रखें और बाकी के डिब्बों को शेल्फ पर लगा दें। इस तरह आप कम बजट में पुराने डिब्बों को नया लुक दे सकती हैं। जिससे आपकी किचन भी खूबसूरत और आकर्षक नजर आ सकती है।
घर की सजावट में हाथों से सजाई गई चीजें खास महत्व रखती हैं। हर पुरानी या खराब चीज को बेकार समझकर फेंकने या स्टोर रूम में रखने की बजाय इनको दोबारा इस्तेमाल करने के तरीके खोज सकते हैं। आप इन DIY तरीकों को बच्चों को सिखा सकती हैं, जिससे उनकी क्रिएटिविटी को बढ़ावा मिल सकता है।
