Raksha Bandhan Decor Ideas: रक्षाबंधन भाई बहन के अटूट प्यार, रिश्ते और खूबसूरत पलों को सेलिब्रेट करने का खास मौका होता है। इस त्योहार के लिए कई दिनों पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं। बहनें राखी की थाली सजाती हैं और अपने लुक को खास बनाने के लिए भी तैयारी करती हैं। वहीं भाई बहन के लिए खूबसूरत और यादगार तोहफे की तलाश में रहते हैं। इस त्योहार को परिवार के सदस्य मिलकर सेलिब्रेट करते हैं। इन यादों को समेटने के लिए तस्वीरें ली जाती हैं। जिन्हें लोग सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करते हैं।

अगर आप भी इस त्योहार का जश्न शानदार तरीके से मनाना चाहते हैं और खूबसूरत तस्वीरें क्लिक करना चाहते हैं, तो घर के एक कोने को राखी थीम के अनुसार डेकोरेट कर सकते हैं। जिसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं होगी। कुछ चीजों की मदद से राखी के लिए सुंदर सा बैकग्राउंड तैयार कर सकते हैं। जहां भाई-बहन मिलकर खुशियों को सेलिब्रेट करते हुए तस्वीरें खींच सकते हैं।

फूलों से रंगोली बनाएं

रक्षाबंधन की सजावट को खूबसूरत और आकर्षक बनाने के लिए फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो आर्टिफिशियल फूल भी लगा सकते हैं। दीवार के किसी हिस्से पर गेंदे, गुलाब या आर्टिफिशियल फूलों की लड़ियां लगाएं। इसके बीच भाई-बहन के नाम या राखी से जुड़ी सजावटी चीजें लगा सकते हैं। अगर बैठकर तस्वीरें लेना चाहते हैं, तो नीचे गद्दे और तकिए रख दें। सामने फूलों से छोटी सी रंगोली बनाएं।

दुपट्टे से बैकग्राउंड सजाएं

फूलों के अलावा फोटो कॉर्नर के लिए दुपट्टा या साड़ी इस्तेमाल की जा सकती है। इसे दीवार पर इस तरह लगाएं कि पीछे हल्की सी फोल्डिंग नजर आए। साथ ही में फेयरी लाइट्स और फूलों की लड़ियों को लगाएं। इससे बैकग्राउंड आकर्षक दिख सकता है।

बैठने की जगह बनाएं खास

फोटो स्पॉट पर बैठने के लिए फर्श पर रंगीन दरी, कुशन या छोटी चौकी रख सकते हैं। इसके साथ आसपास फूलों की टोकरी, दीए और सजावटी चीजों से दीवार को ट्रेडिशनल टच दिया जा सकता है। जहां बैठकर भाई-बहन खूबसूरत तस्वीरें क्लिक करवा सकते हैं।

थाली डेकोरेट करें

राखी बांधते समय थाली भी तस्वीरों का हिस्सा बन जाती है। ऐसे में इसे भी सजाएं। इसके लिए थाली के चारों तरफ लेस चिपकाएं। थाली के अंदर रंगीन कागज या कपड़े को बिछाएं। थाली में दीया, फूल, मिठाई, रोली, राखी, चावल और अन्य चीजों को रखें।

राखी थीम से सजाएं फोटो स्पॉट

फोटो स्पॉट को रक्षाबंधन थीम देने के लिए बड़ी राखी दीवार पर सजा सकते हैं। साथ ही आसपास गिफ्ट बॉक्स और मिठाई की सजावटी प्लेट को शामिल कर सकते हैं। राखी बांधते समय भाई-बहन इस जगह पर बैठकर खूबसूरत तस्वीरें ले सकते हैं।