कई बार घर की साफ-सफाई करने में इतनी थकान हो जाती है कि इसके बाद सीधे बिस्तर पर आराम करने का मन करता है। खासकर वीकेंड पर जब घर की सफाई की जाती है, तो काफी समय लग जाता है। इसके अलावा जब अचानक कोई मेहमान आ जाए या घर में ज्यादा सामान फैला हो, तो कम समय में कमरे को व्यवस्थित करना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप कमरे की सफाई को आसान बना सकते हैं। आइए जानते हैं घंटों मेहनत करने के बजाए मिनटों में कमरे को कैसे साफ करें।
1- फैले हुए सामान को समेटें
कमरे की सफाई शुरू करने से पहले सबसे जरूरी है इधर-उधर फैले हुए सामान को समेटना। बिस्तर पर पड़े कपड़े, कुर्सी पर रखे बैग, टेबल पर बिखरी किताबें और फर्श पर रखी चीजों को सही जगह पर रखें। इसके लिए अपने पास एक टोकरी या बड़ा बैग रख सकते हैं। इसमें उन चीजों को इकट्ठा कर लें, जिन्हें दूसरे कमरे में रखना है। इससे समय की बचत होती है।
2- बिस्तर को ठीक करें
बिस्तर पर बिखरी चादर और इधर-उधर रखे तकिए, कमरे को अस्त-व्यस्त दिखाते हैं। ऐसे में सारा सामान समेटने के बाद बिस्तर की सफाई करें। इसके लिए चादर को अच्छी तरह बिछाएं, तकियों को व्यवस्थित करें और अगर बिस्तर पर कोई अतिरिक्त सामान रखा है, तो उसे हटा दें।
3- ऐसे कपड़े से साफ करें धूल
सामान समेटने और बिस्तर ठीक करने के बाद धूल साफ करने की बारी है, लेकिन इसके लिए सही कपड़ा चुनना जरूरी है। टेबल, अलमारी, खिड़की, दरवाजे और दूसरी जगहों पर जमी धूल को साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह धूल को अच्छी तरह पकड़ता है और सफाई के दौरान सतह पर रेशे भी नहीं छोड़ता। सफाई हमेशा ऊपर से नीचे की तरफ करें।
4- खिड़कियों और शीशे की सफाई
अगर कमरे में खिड़कियां या शीशे लगे हैं, तो उन पर मौजूद उंगलियों के निशान, पानी के दाग और धूल साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है।
5- फर्श की करें सफाई
कमरे की सफाई करते वक्त सबसे आखिर में फर्श को साफ करना चाहिए। क्योंकि, सामान समेटने और फर्नीचर की धूल साफ करने के दौरान कचरा और धूल नीचे गिर सकते हैं। फर्श पर जमी धूल, बाल और छोटे कचरे को झाड़ू की मदद से साफ कर लें। इसके बाद पोछा लगा सकते हैं।
इस तरह आप इन आसान तरीकों और थोड़ी योजना की मदद से कमरे को काफी कम समय में साफ-सुथरा और व्यवस्थित रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई को बनाएं आसान, डस्टिंग करने के लिए अपनाएं ये तरीके
